अम्बेडकरनगर में IGRS शिकायतों पर DM सख्त:बोलीं- पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करने से काम नहीं चलेगा, शिकायतकर्ता से बात करें
अम्बेडकरनगर जिले में एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) पोर्टल पर प्राप्त होने वाली जनशिकायतों के निस्तारण में अब केवल कागजी औपचारिकता से काम नहीं चलेगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान करने के साथ ही संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क कर उसका फीडबैक लें और यह सुनिश्चित करें कि वह कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। नियमित निगरानी और समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश बैठक में विभागवार लंबित शिकायतों की स्थिति और उनके निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की नियमित रूप से निगरानी करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। कागजी निस्तारण और वास्तविक समाधान में न रहे अंतर DM ने स्पष्ट किया कि शिकायत का निस्तारण महज पोर्टल पर आख्या अपलोड करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अधिकारी खुद शिकायतकर्ता से संवाद कर वास्तविक स्थिति की पुष्टि करें। इसके साथ ही प्रकरण से जुड़ी स्पष्ट, तथ्यात्मक और गुणवत्तापूर्ण रिपोर्ट पोर्टल पर दर्ज की जाए, ताकि कागजी निस्तारण और धरातल पर हुए समाधान के बीच कोई अंतर न रहे। समीक्षा बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी., जिला विकास अधिकारी, डीआईओएस, बीएसए, डीपीआरओ, उपनिदेशक कृषि और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)