बुजुर्ग ससुर को ब्लैकमेल कर 3 करोड़ की वसूली:प्रयागराज में बहू ने पहले FIR लिखाई, फिर गिरफ्तारी का डर दिखाकर प्रॉपर्टी दानपत्र कराई

Nov 19, 2026 - 00:58
0
बुजुर्ग ससुर को ब्लैकमेल कर 3 करोड़ की वसूली:प्रयागराज में बहू ने पहले FIR लिखाई, फिर गिरफ्तारी का डर दिखाकर प्रॉपर्टी दानपत्र कराई
प्रयागराज में एक बुजुर्ग ससुर को गंभीर मुकदमों में फंसाने का डर दिखाकर करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्ति हासिल कर ली गई। आरोप है कि बहू ने पहले ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद गिरफ्तारी का भय दिखाकर ससुर से एक मकान और प्लॉट का दानपत्र अपने नाम करा लिया। फिर पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़वाने और जमानत न मिलने देने की धमकी देकर अन्य संपत्तियां भी मांगीं। इस मामले में बहू और उसके पिता, भाई और दोस्त व दोस्त के पिता के खिलाफ धूमनगंज थाने में ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। अब विवादित मकान में रह रहे किरायेदारों को भी निशाना बनाया जा रहा है। 16 नवंबर को वहां पहुंचे लोगों ने किरायेदारों को मकान खाली करने की धमकी दी और एक किरायेदार का सामान बाहर फेंक दिया। फोन पर चैटिंग को लेकर शुरू हुआ था विवाद पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, विवाद की शुरुआत 29 सितंबर को हुई। बुजुर्ग ने बताया, बहू किसी से फोन पर चैट कर रही थी। इस बात को लेकर मेरे बेटे ने आपत्ति जताई तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद बहू ने अपने पिता, भाई और एक परिचित को फोन करके घर बुला लिया जिन्होंने उनके, उनके दोनों बेटों और छोटी बहू के साथ गालीगलौज और मारपीट की। इसके बाद बहू अपना स्त्रीधन लेकर वहां से चली गई। दहेज उत्पीड़न और यौन शोषण का लिखाया मुकदमा इसके दो दिन बाद यानी एक अक्टूबर को बहू ने धूमनगंज थाने में पति, ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। इसमें दहेज उत्पीड़न, मारपीट समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए। मुकदमे में ससुर और पति पर बहू को अधेड़ उम्र के लोगों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने जैसे आरोप भी शामिल थे। परिवार के एक अन्य सदस्य पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया। गिरफ्तारी का डर दिखाकर सादे कागज पर समझौता लिखाया ससुर का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद बहू के पिता, भाई, उनके परिचित और एक अन्य व्यक्ति ने गिरफ्तारी का भय दिखाकर एक अक्टूबर को सादे कागज पर समझौता कराया। इसमें एक सप्ताह के भीतर अपनी संपत्ति बहू के नाम करने की शर्त रखी गई थी। ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। आठ अक्टूबर को उन्हें जबरन निबंधन कार्यालय ले जाया गया। वहां जेल भेजने का डर दिखाकर एक मकान और एक प्लॉट का दानपत्र बहू के पक्ष में निष्पादित करा लिया गया। इन दोनों संपत्तियों की कुल कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है। दूसरी संपत्तियां भी मांगने का दबाव, पॉक्सो की धाराएं बढ़ीं शिकायत के अनुसार, मकान और प्लॉट का दानपत्र होने के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। ससुर पर अपनी दूसरी संपत्तियां भी बहू के नाम करने का दबाव बनाया जाने लगा। ऐसा नहीं करने पर अपनी नाबालिग बच्ची से बयान कराकर पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़वाने और जमानत न मिलने देने की धमकी दी गई। इसी बीच 30 अक्टूबर को बहू और नाबालिग बच्ची के बयान दर्ज किए गए। इसके आधार पर पहले से दर्ज मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धारा की बढ़ोतरी कर दी गई। ससुर ने इस मामले में अग्रिम जमानत के लिए न्यायालय का भी रुख किया था। किरायेदारों को धमकाया, सामान भी बाहर फेंका जिस मकान का दानपत्र बहू के नाम कराया गया है, उसमें किरायेदार रहते हैं। ससुर का कहना है कि बहू के मायके पक्ष के लोग लगातार किरायेदारों पर मकान खाली करने का दबाव बना रहे थे। उन्होंने किरायेदारों को मकान खाली नहीं करने के लिए कहा तो उनकी बेटी के खिलाफ भी धूमनगंज थाने में एक और मुकदमा दर्ज करा दिया गया। इसमें बेटी पर फोन करके धमकी देने का आरोप लगाया गया, जबकि वह बिहार में अपनी ससुराल में रहती है। ससुर के मुताबिक, 13 नवंबर को न्यायालय से आदेश पारित हुआ था। इसकी जानकारी होने के बावजूद 16 नवंबर की शाम करीब पांच बजे विपक्षी पक्ष के लोग मकान पर पहुंच गए। उन्होंने किरायेदारों को मकान खाली करने के लिए धमकाया और एक किरायेदार का सामान बाहर फेंक दिया। आसपास के लोगों ने विरोध किया तो उन्हें भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इसके बाद सभी वहां से चले गए। ब्लैकमेलिंग और वसूली के आरोप में मुकदमा दर्ज लगातार हो रहे विवाद और संपत्ति को लेकर दबाव के बाद ससुर ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत दी। इसके बाद बहू समेत पांच लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया। धूमनगंज पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला कांस्टेबल का भाई है एक आरोपी बुजुर्ग ने पुलिस को यह भी बताया कि एक आरोपी की बहन महिला सिपाही है। इसके अलावा यह भी बताया उसके खिलाफ चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनमें से एक महिला सिपाही का भाई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User