नकली दवाओं का काला कारोबार बेनकाब, तीन गिरफ्तार:STF मेरठ, FSDA, हिमाचल पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन, पाउडर, भूसी मिलाकर बनती थीं ब्रांडेड दवाएं

Nov 19, 2026 - 00:41
0
नकली दवाओं का काला कारोबार बेनकाब, तीन गिरफ्तार:STF मेरठ, FSDA, हिमाचल पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन, पाउडर, भूसी मिलाकर बनती थीं ब्रांडेड दवाएं
पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर हिमाचल प्रदेश तक फैले नकली दवाओं के कारोबार का एसटीएफ मेरठ यूनिट, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और हिमाचल प्रदेश पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर भंडाफोड़ किया है। टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ब्रांडेड कंपनियों के नाम से तैयार की गई नकली दवाओं की खेप बरामद की है। हैरानी की बात यह है कि इन दवाओं का इस्तेमाल टाइफाइड, गले और फेफड़ों के संक्रमण से लेकर एसिडिटी, नसों के दर्द और मिर्गी के दौरे जैसी गंभीर समस्याओं के इलाज में किया जाता है। आरोपी कई तरह के पाउडर और भूसी मिलाकर इन दवाओं को तैयार कर रहे थे। एसटीएफ के मुताबिक, बरामद दवाएं मिलावटी नहीं, बल्कि पूरी तरह नकली हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीन और वसीम निवासी चिलकाना, सहारनपुर तथा मोनू उर्फ मुन्ना निवासी हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ब्रांडेड दवाओं के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर नकली दवाएं तैयार कर रहे थे। इन दवाओं को असली बताकर बाजार में खपाने की तैयारी थी। एसटीएफ मेरठ यूनिट के एएसपी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से कई तरह की नकली दवाएं बरामद हुई हैं। इन्हें तैयार करने में अलग-अलग प्रकार के पाउडर और भूसी का इस्तेमाल किया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे मिलावटी दवाओं का मामला कहना सही नहीं होगा, क्योंकि बरामद दवाएं पूरी तरह नकली हैं। इन दवाओं के नाम पर चल रहा था खेल टीम ने जिन दवाओं की खेप पकड़ी है, उनमें C-AZ, PAN-D और PREGABLIN प्रमुख हैं। C-AZ एंटीबायोटिक दवा है, जिसका इस्तेमाल टाइफाइड बुखार के अलावा गले के टॉन्सिल, कान, साइनस, सांस की नली और फेफड़ों के बैक्टीरियल संक्रमण में किया जाता है। वहीं PAN-D का इस्तेमाल एसिडिटी की समस्या में होता है। तीसरी दवा PREGABLIN है, जिसका उपयोग नसों के दर्द, मिर्गी के दौरे और कुछ परिस्थितियों में घबराहट व चिंता जैसी समस्याओं के उपचार में किया जाता है। सेहत से खिलवाड़ का बड़ा खतरा नकली दवाओं का कारोबार सीधे लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ है। ऐसी दवाओं में निर्धारित औषधीय तत्वों की मौजूदगी की कोई गारंटी नहीं होती। इनमें इस्तेमाल किए गए पाउडर और अन्य पदार्थ मरीज की सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। सबसे बड़ा खतरा यह है कि संक्रमण, मिर्गी या नसों के दर्द जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीज असली दवा समझकर इन्हें खाते रहें और उनका इलाज प्रभावित होता रहे। इन सवालों के तलाशे जा रहे जवाब - नकली दवाएं कहां तैयार की जा रही थीं - ब्रांडेड कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कैसे हो रहा था - नकली दवाओं की सप्लाई किन राज्यों और शहरों में की गई - कितने समय से चल रहा था यह कारोबार - इस नेटवर्क में गिरफ्तार तीन आरोपियों के अलावा और कौन-कौन शामिल हैं सप्लाई से जुड़े हर पहलू की जांच एसटीएफ मेरठ यूनिट के एएसपी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरे नेटवर्क, नकली दवाएं तैयार करने के तरीके और उनकी सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। गुरुवार को एसटीएफ इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करेगी। जांच में यह भी महत्वपूर्ण होगा कि नकली दवाओं की खेप कहां तैयार की जा रही थी और अब तक किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User