गगनयान दिसंबर या जनवरी में लॉन्च होगा:पहले मिशन में नहीं जाएगा ह्यूमेनॉइड, मार्च 2028 में इसी से भारतीय अंतरिक्ष जाएंगे
भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ की पहली मानवरहित उड़ान (जी-1) की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बुधवार को भास्कर को बताया कि गगनयान दिसंबर के आखिर या जनवरी 2027 की शुरुआत में लॉन्च करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि श्रीहरिकोटा के दूसरे लॉन्च पैड से होने वाली इस उड़ान में क्रू और सर्विस मॉड्यूल अंतरिक्ष में जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य क्रू मॉड्यूल की सुरक्षित वापसी का परीक्षण करना है। पहले चरण में ह्यूमेनॉइड रोबोट ‘व्योममित्र’ नहीं जाएगा, बल्कि उसे दूसरी उड़ान में भेजा जाएगा। पहली दो उड़ानें सफल रहने पर तीसरी उड़ान में मार्च 2028 तक भारतीय गगनयात्री अंतरिक्ष जाएंगे। इस मिशन के पूरा होते ही भारत अमेरिका, रूस और चीन के बाद अंतरिक्ष में इंसान भेजने वाला चौथा देश बन जाएगा। मिशन के 3 चरण: एक-दो टेस्ट ही बाकी रॉकेट और टेस्ट: मिशन को मानव-रेटेड एचएलएमवी-3 रॉकेट से लॉन्च करेंगे। यह चंद्रयान-3 वाले रॉकेट का ही अपग्रेड रूप है। फिलहाल पूरे मॉड्यूल का ‘थर्मो-वैक’ परीक्षण चल रहा है। इसमें अंतरिक्ष जैसी निर्वात स्थिति में उपकरणों की जांच हो रही है। मॉड्यूल अलग करने का टेस्ट पास कर चुका है गगनयान ISRO ने गगनयान कार्यक्रम के क्रू मॉड्यूल (CM) और सर्विस मॉड्यूल (SM) को अलग करने वाले सिस्टम की टेस्टिंग पूरी कर ली है। इसके बाद इस सिस्टम के डिजाइन की क्षमता की पुष्टि हुई है। इसी साल 16 अक्टूबर को ये परीक्षण तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (VSSC) में किए गए थे। मॉड्यूल सेपरेशन को सवाल-जवाब में समझें… मॉड्यूल अलग करना क्यों जरूरी है: गगनयान के क्रू मॉड्यूल को पृथ्वी पर लौटना है, जबकि सर्विस मॉड्यूल अंतरिक्ष में जरूरी सेवाएं देता है। वापसी के समय सर्विस मॉड्यूल को अलग करना जरूरी है, ताकि क्रू मॉड्यूल अपने हीट शील्ड के साथ वायुमंडल में प्रवेश कर सके। बिजली और तरल पदार्थों के कनेक्शन भी अलग होंगे: दोनों मॉड्यूल के बीच बिजली, संचार और पर्यावरण नियंत्रण, जीवन समर्थन प्रणाली से जुड़े तरल पदार्थों के लिए अम्बिलिकल कनेक्शन होते हैं। सेपरेशन के दौरान ये कनेक्शन भी सही क्रम में टूटने चाहिए। हीट शील्ड तेज गर्मी से बचाएगी: पृथ्वी के वायुमंडल में दोबारा प्रवेश के दौरान क्रू मॉड्यूल को बहुत तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। इसके लिए थर्मल प्रोटेक्शन सिस्टम और हीट शील्ड जरूरी हैं। हालिया परीक्षण में इनसे जुड़े हिस्सों की झटके सहने की क्षमता भी जांची गई। सिर्फ अंतरिक्ष में पहुंचना नहीं, सुरक्षित लौटना भी लक्ष्य: क्रू मॉड्यूल की वापसी में पैराशूट अहम भूमिका निभाएंगे। पैराशूट मॉड्यूल की गति कम करने में मदद करते हैं, ताकि समुद्र में उतरते समय सुरक्षित रिकवरी की जा सके। जुलाई 2026 में ISRO ने क्रू मॉड्यूल के पैराशूट और अन्य सुरक्षा प्रणालियों से जुड़े परीक्षणों की जानकारी दी थी। समुद्र में उतरने के बाद मॉड्यूल को सीधा रखना: समुद्र में उतरने के बाद क्रू मॉड्यूल को सही स्थिति में बनाए रखने के लिए क्रू मॉड्यूल अप-राइटिंग सिस्टम विकसित किया गया है। जुलाई 2026 में इसके फ्लोटेशन सिस्टम का परीक्षण भी किया गया था। इमरजेंसी में अंतरिक्ष यात्रियों को बचाने की व्यवस्था: गगनयान में क्रू एस्केप सिस्टम भी है। उड़ान के दौरान गंभीर समस्या आने पर यह अंतरिक्ष यात्रियों वाले मॉड्यूल को रॉकेट से दूर ले जाने के लिए बनाया गया है। अक्टूबर 2023 में ISRO ने TV-D1 परीक्षण के जरिए इस सिस्टम का उड़ान के दौरान प्रदर्शन जांचा था। सबसे अहम, मिशन में इंसानों की जगह क्या होगा: G1 पहली मानवरहित उड़ान है। इसमें मानव यात्रियों के बजाय सिस्टम की कार्यक्षमता जांची जाएगी; मिशन की योजना में व्योममित्र नाम के अर्ध-मानवाकार रोबोट को भी शामिल किया गया है। गगनशन मिशन: 2027 में शुभांशु समेत पायलट अंतरिक्ष जाएंगे गगनयान ISRO का ह्यूमन स्पेस मिशन है। इसके तहत 2027 में स्पेसक्राफ्ट से वायुसेना के तीन पायलट्स को स्पेस में भेजा जाएगा। ये पायलट 400 किमी के ऑर्बिट पर 3 दिन रहेंगे, जिसके बाद हिंद महासागर में स्पेसक्राफ्ट की लैंडिंग कराई जाएगी। मिशन की लागत करीब 20,193 करोड़ रुपए है। गगनयान मिशन के लिए अभी वायुसेना के चार पायलट्स को चुना गया है, जिनमें से एक ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला हैं। शुभांशु इसीलिए एक्सियम मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन गए थे। गगनयान के जरिए पायलट्स को स्पेस में भेजने से पहले इसरो दो खाली टेस्ट फ्लाइट भेजेगा। तीसरी फ्लाइट में रोबोट को भेजा जाएगा। इसकी सफलता के बाद चौथी फ्लाइट में इंसान स्पेस पर जा सकेंगे। पहली टेस्ट फ्लाइट इस साल के अंत तक भेजी जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)