बलिया में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या:हमले में घायल दूसरे युवक की हालत गंभीर, पुरानी रंजिश को लेकर विवाद
बलिया के सहतवार कस्बे में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर विनोद राजभर (50) की हत्या कर दी गई। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी संजू देवी बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़ीं। रोते हुए उन्होंने कहा, 'अगर हमें पहले जानकारी होती तो सारे वार अपने ऊपर ले लेते, लेकिन अपने राम (विनोद राजभर) पर खरोंच भी नहीं आने देते। अब हम उनके बिना कैसे जिएंगे।' संजू देवी ने कहा कि अगर वह मौके पर मौजूद होतीं तो विनोद को तनिक भी नहीं पिटने देतीं। उनकी जगह हमलावरों के सारे वार अपने शरीर पर ले लेतीं। आंगन में बैठकर पड़ोसी से बात कर रहे थे विनोद बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब एक बजे पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि चार नामजद और कुछ अज्ञात लोग लाठी-डंडे लेकर विनोद के घर में घुस आए। उस समय विनोद और उनके पड़ोसी सुदर्शन राजभर घर के आंगन में बैठकर बातचीत कर रहे थे। हमलावरों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। विनोद की पत्नी संजू देवी ने थाने में दी तहरीर में यह आरोप लगाया है। मऊ ले जाते समय रास्ते में हुई विनोद की मौत मारपीट के दौरान परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। आरोप है कि इसके बाद हमलावर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। विनोद की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मऊ रेफर कर दिया, लेकिन वहां ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सुदर्शन की हालत भी गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। बेटे ने कहा- पिता और बड़े पापा के हाथ-पैर तोड़े विनोद के बेटे विकास ने बताया कि मारपीट में उन्हें भी चोट लगी है। हमलावरों ने उनके पिता और बड़े पापा को भी लाठियों से बुरी तरह पीटा। सिर पर वार किए और हाथ-पैर तोड़ दिए। विकास ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे विनोद विनोद पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। सभी भाइयों के परिवार अलग-अलग रहते हैं। उनके तीन बेटे विकास, चैम्पियन और विशाल तथा पांच बेटियां हैं। इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। सबसे बड़े बेटे विकास की उम्र 18 साल है। घटना के बाद पत्नी संजू देवी समेत परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)