आज अखबार नहीं, प्रयागराज की कल की 10 बड़ी खबरें:4 साल की बच्ची की लाश मिली, चौकी के सामने लूट; वकीलों ने थाने में डांस किया
आज प्रयागराज में नो पेपर डे है। ऐसे में 1 दिन पहले आपके शहर में क्या-कुछ हुआ है, सभी बड़े अपडेट आप नीचे पढ़ सकते हैं- 1- प्रयागराज में 4 साल की लापता बच्ची का शव मिला:दिवाली पर बाजार की भीड़ में गुम हुई थी प्रयागराज में 4 साल की बच्ची का शव सोमवार सुबह तालाब में मिला। बच्ची दिवाली पर रविवार की रात बाजार से लापता हो गई थी। पूरी रात परिवार वाले उसे तलाशते रहे, लेकिन बच्ची का पता नहीं चला। सुबह तालाब से शव मिलने के बाद हंगामा मच गया। खबर पाकर पुलिस अधिकारी पहुंच गए। तालाब से शव निकाल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बाजार के सीसीटीवी खंगाले हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।पूरी खबरें पढ़ें... 2-थाने में नाकाबंदी पर वकीलों का डांस-VIDEO:सिविल लाइंस थाने में बिस्तर, मच्छरदानी लेकर धरना प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में वकीलों का अनोखा विरोध प्रदर्शन चर्चा में है। तीन दिन से वकील थाने के अंदर ही दरी, गद्दा, चादर और मच्छरदानी लेकर डेरा जमाए हुए हैं। दिनभर धरना देने के बाद रात में फिल्मी गानों पर डांस करते हैं। दिवाली की रात भी वकील घर नहीं गए। उन्होंने थाने में ही तेज आवाज में गाने बजाए और जमकर डांस किया। अपने डांस के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी शेयर कर रहे हैं। पूरी खबरें पढ़ें…
3- 'आज अकेली हूं, पापा के बिना पहली दिवाली': वकील की बेटी बोली- 25 दिन बाद भी 2 आरोपी गिरफ्तार नहीं प्रयागराज में अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की हत्या के बाद परिवार की पहली दिवाली आंसुओं में बीती। घर रोशनी से जगमगा रहे थे, लेकिन सतीश की बेटी वैशाली के लिए यह त्योहार जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन गया। पिता को याद कर वह सोशल मीडिया पर रो पड़ी। भावुक पोस्ट में उसने लिखा- 'यह पहली दिवाली है, जब पापा मेरे साथ नहीं हैं। आज मैं अकेली हूं तो सिर्फ उन लोगों की वजह से, जिन्होंने मेरे पापा को मुझसे छीन लिया।' वैशाली ने पुलिस-प्रशासन से सवाल किया कि हत्या के 25 दिन बाद भी दो नामजद आरोपी गिरफ्तार क्यों नहीं हुए?पूरी खबरें पढ़ें... 4- दीपावली की रात 9 जगह आग:MNNIT हॉस्टल में छात्र का बिस्तर-लैपटॉप जला, एयरपोर्ट गोदाम में चिंगारी प्रयागराज में दीपावली की रात आतिशबाजी के बीच आग लगने की नौ घटनाओं ने अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी की परीक्षा ली। शहर के अलग-अलग इलाकों में कहीं हॉस्टल का कमरा धधक उठा तो कहीं गोदाम, अपार्टमेंट और मकान में आग लग गई। आग की सूचनाएं मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां एक के बाद एक मौके पर पहुंचती रहीं। सबसे अहम बात यह रही कि सभी घटनाओं में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। पूरी खबरें पढ़ें... 5-पुलिस चौकी के सामने लूट करने वाले CCTV में कैद: 18 हजार कैश- मोबाइल छीनने में FIR नहीं प्रयागराज में छोटी दीपावली की रात पुलिस चौकी के सामने ही पिस्टल के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वालों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में तीनों एक साथ जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद पीड़ित शिकायत लेकर दो थानों के चक्कर लगाता रहा, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं हुई है। यह घटना सात अक्टूबर की रात हुई थी जब पिस्टल सटाकर युवक से 18 हजार कैश और मोबाइल छीन लिया गया था।पूरी खबरें पढ़ें... 6-दीपावली पर पूजा में रखे 5-लाख कैश में लगी आग:3 लाख जल गए, सुतली बम की चिंगारी से हुआ हादसा प्रयागराज के करछना इलाके में दीपावली पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यापारी के घर लक्ष्मी पूजन के लिए रखी 5 लाख रुपये की नकदी में आतिशबाजी की चिंगारी से आग लग गई। देखते ही देखते करीब 3 लाख रुपये जलकर राख हो गए। घटना के बाद व्यापारी परिवार की दीपावली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।पूरी खबरें पढ़ें... 7-दिवाली की रात रोशनी से नहाया प्रयागराज, आसमान में आतिशबाजी, जमीन पर रोशनी का समंदर कहीं आसमान में रंगों की बारिश तो कहीं रोशनी से नहाई सड़कें... दिवाली की रात प्रयागराज में ऐसा नजारा दिखा, मानो सितारे जमीन पर उतर आए हों। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान देर रात तक जगमगाता रहा। घरों की से लेकर गलियों और चौराहों तक रोशनी का ऐसा उत्सव सजा कि पूरा शहर दीपों और खुशियों के रंग में रंग गया। पटाखों की गूंज और टिमटिमाती झालरों के बीच संगमनगरी ने दिवाली का जश्न पूरे उल्लास के साथ मनाया।पूरी खबरें पढ़ें... 8- प्रयागराज में दौड़ेंगे देशभर के धावक:41वीं इंदिरा मैराथन में 42.195 किमी का होगा मुकाबला प्रयागराज की सड़कों पर एक बार फिर दमखम और रफ्तार का मुकाबला देखने को मिलेगा। देश की प्रतिष्ठित 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन 19 नवंबर को आयोजित होगी। इसमें देशभर के धावक 42.195 किलोमीटर की फुल मैराथन में हिस्सा लेंगे। जिला प्रशासन और खेल विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की संयुक्त टीम पूरे रूट का निरीक्षण कर चुकी है।पूरी खबरें पढ़ें... 9-दिवाली की आतिशबाजी से प्रयागराज की हवा जहरीली:AQI 500 के पार, सुबह छाई रही स्मॉग की परत प्रयागराज में दिवाली की आतिशबाजी के बाद वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। सोमवार सुबह शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 500 के पार दर्ज किया गया। रविवार को AQI 400 के ऊपर था, लेकिन देर रात तक हुई आतिशबाजी के बाद प्रदूषण और बढ़ गया। सुबह से ही शहर के कई इलाकों में धुंध और स्मॉग की मोटी परत दिखाई दी। धूप निकलने के बावजूद प्रदूषण का असर कम नहीं हुआ।पूरी खबरें पढ़ें... 10- मुंडेरा के अपार्टमेंट के 11वें फ्लोर पर आग लगी:लोग बोले- फायर सेफ्टी सिस्टम पहले भी फेल हुआ प्रयागराज के मुंडेरा स्थित पारस-ग्रीन अपार्टमेंट के 11वें फ्लोर पर देर रात आग लग गई। जिसके बाद सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। इसके बाद निवासियों ने बिल्डर और अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। निवासियों का आरोप है कि अपार्टमेंट में आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। पूरी खबरें पढ़ें...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)