आज गोवर्धन पूजा:गायों को खिलाएं घास, दोपहर करीब 2 बजे के बाद शुरू होगी कार्तिक शुक्ल द्वितीया
आज मंगलवार, 10 नवंबर की सुबह कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि है। उदयातिथि के कारण अधिकतर लोग आज गोवर्धन पूजा पर्व मनाएंगे। इस दिन गायों की देखभाल के लिए किसी गौशाला में धन का दान करें, गायों को हरी घास खिलाएं। इस तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण को 56 पकवानों का भोग भी लगाया जाता है। इस साल कार्तिक अमावस्या दो दिन (8-9 नवंबर) थी, इस कारण दीपावली के एक दिन बाद गोवर्धन पूजा है। यह भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत, गौ माता और प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करने का पर्व है। इस दिन घरों और मंदिरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा की जाती है और भगवान श्रीकृष्ण को तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाया जाता है। प्रतिपदा तिथि दोपहर करीब 2 बजे तक रहेगी। इसके बाद कार्तिक शुक्ल द्वितीया शुरू होगी। 11 नवंबर को सूर्योदय कार्तिक शुक्ल द्वितीया तिथि में होगा, इसलिए इस दिन भाई दूज मनाई जाएगी। 56 भोग और अन्नकूट लगाने की परंपरा गोवर्धन पूजा को अन्नकूट भी कहा जाता है। अन्नकूट का अर्थ है अन्न का पहाड़। इस दिन घरों और मंदिरों में विभिन्न प्रकार के पकवान, मिठाइयां, सब्जियां, अनाज और मौसमी व्यंजन बनाकर भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित किए जाते हैं। कई मंदिरों में 56 प्रकार के पकवानों का छप्पन भोग लगाया जाता है। मान्यता है कि भगवान कृष्ण को छप्पन भोग लगाने से परिवार में सुख-समृद्धि और अन्न-धन की वृद्धि होती है। पूजा के बाद प्रसाद लोगों में बांटा जाता है। गौ माता को हरा चारा, गुड़ और रोटी खिलाने की भी परंपरा है। इस दिन जरूरतमंदों को भोजन और अन्न का दान करना शुभ माना जाता है। भगवान श्रीकृष्ण ने छोटी उंगली पर उठा लिया था गोवर्धन पर्वत गोवर्धन पूजा के पीछे भगवान श्रीकृष्ण की एक कथा है। मान्यता है कि द्वापर युग में ब्रजवासी अच्छी वर्षा और फसल के लिए देवराज इंद्र की पूजा करते थे। बालकृष्ण ने उन्हें समझाया कि उनके जीवन और आजीविका का आधार गोवर्धन पर्वत, वन, पशु और प्रकृति हैं। इसलिए इनका सम्मान और पूजन करना चाहिए। ब्रजवासियों ने कृष्ण की बात मानकर इंद्र की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा की। इससे क्रोधित होकर इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी। लगातार बारिश से लोगों और पशुओं का जीवन संकट में पड़ गया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया। सात दिनों तक ब्रजवासी और उनके पशु पर्वत के नीचे सुरक्षित रहे। अंत में इंद्र को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने बालकृष्ण से क्षमा मांगी। इसके बाद ब्रजवासियों ने बाल को कृष्ण को 7 दिनों के 8 पहर के हिसाब से 56 प्रकार के व्यंजन खिलाए थे, तभी से भगवान श्रीकृष्ण 56 भोग लगाने की परंपरा शुरू हुई। भाई दूज की कथा: यमराज पहुंचे थे बहन यमुना के घर भाई दूज को यम द्वितीया भी कहा जाता है। इसकी कथा सूर्यदेव के पुत्र यमराज और पुत्री यमुना से जुड़ी है। मान्यता है कि यमुना अपने भाई यमराज को बार-बार घर आने का निमंत्रण देती थीं। कार्तिक शुक्ल द्वितीया पर यमराज अपनी बहन के घर पहुंचे। यमुना ने उनका स्वागत किया, तिलक लगाया और स्वादिष्ट भोजन कराया। बहन के स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा। यमुना ने वरदान मांगा कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाए और भोजन करे, उसे कोई भय न रहे। यमराज ने यह वरदान दे दिया। तभी से भाई दूज पर बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)