आजमगढ़ में सड़क के किनारे मिली डेड बॉडी:घटनास्थल से 500 मीटर दूर बरामद हुई स्कूटी, नहीं हो सकी पहचान
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के जिवली में प्रयागराज-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिला है। शव से करीब 500 मीटर दूर एक सिल्वर रंग की स्कूटी भी बरामद हुई। हैरानी की बात यह है कि स्कूटी की चाबी शव के पास मिली। इस घटनाक्रम को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
जिवली साधन सहकारी समिति के सामने बुधवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। युवक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो सकी। घटनास्थल के आसपास वाहन के टायरों के निशान भी दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही थाने के प्रभारी चंद्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। इस दौरान घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर मदन के घर के सामने सिल्वर रंग की एक स्कूटी बरामद हुई। स्कूटी का पंजीकरण नंबर गुजरात का GJ 27 CK 9856 बताया गया है। पुलिस को स्कूटी की चाबी मृतक के शव के पास से मिली। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष है। उसने नीचे फुल लोअर और ऊपर दो टी-शर्ट पहन रखी थीं। शव के पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। थाना अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। घटना सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस ने शव और स्कूटी को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही मृतक की पहचान कराने और स्कूटी के पंजीकरण से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि, शव का क्षत-विक्षत होना, सिर का बुरी तरह कुचला मिलना और स्कूटी का घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर बरामद होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ ग्रामीणों ने हत्या की आशंका भी जताई है। फिलहाल पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हादसा मानकर जांच कर रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)