सात तरह के विकेट, CSJMU में तैयार होंगे कुशल क्रिकेटर:UPCA बनवाएगा नौ प्रैक्टिस पिच, BCCI के मैच कराने की तैयारी

Nov 10, 2026 - 07:18
0
सात तरह के विकेट, CSJMU में तैयार होंगे कुशल क्रिकेटर:UPCA बनवाएगा नौ प्रैक्टिस पिच, BCCI के मैच कराने की तैयारी
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का एकलव्य क्रीड़ा संकुल विद्यार्थियों को खेलों में बेहतर अवसर देने के साथ क्रिकेट का आधुनिक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विश्वविद्यालय के क्रिकेट स्टेडियम में सात अलग-अलग प्रकार की मिट्टी से तैयार टर्फ विकेट खिलाड़ियों को विविध परिस्थितियों में अभ्यास का मौका दे रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के साथ होने वाले समझौते के बाद यहां बीसीसीआई के घरेलू मैच आयोजित किए जा सकेंगे। यूपीसीए अपने खर्च पर नौ आधुनिक प्रैक्टिस पिच भी तैयार कराएगा। इससे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और क्रिकेट खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण व अभ्यास की सुविधा मिलेगी। देखें तस्वीरें… लाल और काली मिट्‌टी के विकेट क्रिकेट स्टेडियम में महाराष्ट्र की लाल मिट्टी से बना एक विकेट, ओडिशा के कालाहांडी की काली मिट्टी से तैयार दो विकेट, लाल-काली मिट्टी के मिश्रण से बने दो विकेट और उत्तर प्रदेश के उन्नाव की काली मिट्टी से तैयार दो विकेट हैं। करीब 85 मीटर × 75 मीटर क्षेत्रफल वाले मैदान में सैंड-प्रोफाइल तकनीक और टिफवे बरमूडा घास का इस्तेमाल किया गया है। बारिश के पानी की जल्द निकासी के लिए आधुनिक ड्रेनेज नेटवर्क और भूमिगत स्वचालित सिंचाई व्यवस्था भी विकसित की गई है। यूपीसीए तैयार कराएगा नौ प्रैक्टिस पिच यूपीसीए विश्वविद्यालय परिसर में अपने खर्च पर छह आउटडोर टर्फ और तीन इनडोर टेराफ्लेक्स टर्फ प्रैक्टिस पिच बनवाएगा। आउटडोर पिचों का निर्माण बीसीसीआई के मानकों के अनुरूप होगा, जबकि इनडोर पिचें विश्वविद्यालय के उपलब्ध हॉल में तैयार की जाएंगी। मैदान के रखरखाव के लिए भारी हाइड्रोलिक रोलर, सुपर सॉपर, घास काटने की मशीन, स्वचालित स्प्रिंकलर और पिच कवर जैसे आधुनिक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। विश्वविद्यालय की क्रिकेट अकादमी और विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के लिए यूपीसीए अपने खर्च पर प्रमाणित एवं अनुभवी क्रिकेट कोच की तैनाती करेगा। तीन हजार दर्शकों की क्षमता, खिलाड़ियों के लिए रिकवरी सुविधाएं स्टेडियम में करीब तीन हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। यहां दो खुली और एक कवर्ड दर्शक दीर्घा के साथ खुला बैठक क्षेत्र भी बनाया गया है। खिलाड़ियों के लिए पवेलियन में सॉना, जकूजी, स्टीम बाथ और हाइड्रोथेरेपी जैसी रिकवरी एवं पुनर्वास सुविधाएं हैं। दोनों टीमों के अलग-अलग चेंजिंग रूम, डाइनिंग-किचन, कॉन्फ्रेंस रूम, तकनीकी विश्लेषण के लिए कैमरा लाइन, स्कोरर रूम, कमेंट्री रूम और प्रेस रूम भी उपलब्ध हैं। भविष्य में फ्लडलाइट लगाने के लिए तकनीकी प्रावधान किए गए हैं। क्रिकेट के साथ 28 खेलों का अभ्यास सीएसजेएमयू के डायरेक्टर स्पोर्ट्स फैसिलिटी डॉ. श्रवण यादव ने बताया कि एकलव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा क्रिकेट स्टेडियम है। मैदान का रेडियस निर्धारित मानक के स्तर का है। उन्होंने बताया कि यहां यूपीसीए के साथ समझौता होने के बाद बीसीसीआई के घरेलू मैच आयोजित हो सकेंगे। संकुल में 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक भी है, जिस पर 28 खेल स्पर्धाओं का अभ्यास किया जा सकता है। इसके अलावा फुटबॉल ग्राउंड, आर्चरी ग्राउंड, तीन वॉलीबॉल कोर्ट, पीयू फ्लोरिंग वाले पांच बैडमिंटन कोर्ट, तीन टेबल टेनिस टेबल, बॉक्सिंग एरिना और स्विमिंग पूल उपलब्ध हैं। इस तरह विश्वविद्यालय के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए एक ही परिसर में आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User