कानपुरियों ने दस घंटे में जलाए 10 करोड़ के पटाखे:आसमानी आतिबाजी की डिमांड रही, अध्यक्ष बोले- 10% महंगाई बढ़ी लेकिन जमकर हुई बिक्री
कानपुर में इस बार दिवाली पर पटाखों की जमकर बिक्री हुई। बाजार के अनुमान के मुताबिक, शहर में करीब 10 करोड़ रुपए के पटाखों की बिक्री हुई। वहीं, दिवाली की रात लोगों ने महज 10 घंटे में करीब 10 करोड़ रुपए के पटाखे जला दिए गए। पटाखा बाजार के अध्यक्ष मोहम्मद इसरार के मुताबिक, धनतेरस से दिवाली तक 72 घंटे के दौरान कानपुरवासियों ने जमकर आतिशबाजी की खरीदारी की। सबसे ज्यादा मांग आसमानी शॉट्स की रही। इनमें 12 शॉट्स से लेकर 100 शॉट्स तक वाले पटाखे लोगों की पहली पसंद बने। थोक बाजार में 7 करोड़ तक का कारोबार
इसरार ने बताया कि पटाखों का थोक बाजार बिठूर के दो मैदानों में लगाया गया था। इसके अलावा शहर के 40 खुले स्थानों पर सुरक्षित तरीके से पटाखों की बिक्री के लिए दुकानें लगाई गई थीं। उन्होंने बताया कि केवल थोक बाजार में करीब 6 से 7 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। वहीं, फुटकर बाजार में 3 से 4 करोड़ रुपए के पटाखे बिकने का अनुमान है। बच्चों को फुलझड़ी, रंगीन चकरघिन्नी पसंद आई
पटाखों की खरीदारी में बच्चों की पसंद का भी खास ध्यान रखा गया। छोटे पटाखों में रंग-बिरंगी फुलझड़ियों और रोशनी वाली चकरघिन्नी की खूब बिक्री हुई। वहीं, युवाओं और बड़े लोगों के बीच आसमानी आतिशबाजी का क्रेज सबसे ज्यादा देखने को मिला। रात 7 बजे शुरू हुई आतिशबाजी, सुबह 5 बजे तक गूंजता रहा आसमान
दिवाली की शाम करीब 7 बजे से कानपुर में आतिशबाजी का सिलसिला शुरू हुआ। यह रातभर जारी रहा और सुबह 5 बजे तक पटाखों की आवाज गूंजती रही। यानी करीब 10 घंटे तक शहर में जमकर आतिशबाजी हुई। आसमानी शॉट्स और रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान जगमगाता रहा
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)