पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र की मौत का कारण स्पष्ट नहीं:विसरा सुरक्षित; पिता बोले- स्कूल जाने से पहले बेटे ने फीस मांगी थी

Nov 18, 2026 - 20:33
0
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र की मौत का कारण स्पष्ट नहीं:विसरा सुरक्षित; पिता बोले- स्कूल जाने से पहले बेटे ने फीस मांगी थी
शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के जखिया गांव स्थित लाला मथुरा प्रसाद संस्कृत विद्यालय में सातवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र अंकित की संदिग्ध मौत के मामले में बुधवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है, जिसके चलते डॉक्टरों ने विसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। जांच के दौरान छात्र के चेहरे पर एक-दो जगह हल्की व पुरानी चोट के निशान भी मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर ले गए और शाम करीब 4 बजे अंतिम संस्कार कर दिया। पिता बोले- बेटा ठीक हालत में गया था स्कूल छात्र के पिता प्रभुदयाल ने बताया कि अंकित सुबह बिल्कुल ठीक हालत में स्कूल गया था, उन्हें यह जानकारी नहीं है कि उसके साथ मारपीट कैसे हुई। पिता के मुताबिक, स्कूल निकलने से पहले अंकित उनसे फीस के लिए पैसे मांग रहा था और कह रहा था कि टीचर फीस मांग रहे हैं। प्रभुदयाल ने बेटे से कहा था कि एक हजार या पांच सौ रुपए ले जाना और टीचर से उनकी फोन पर बात करा देना। इस पर अंकित ने आशंका जताई थी कि हो सकता है वे उसे भगा दें, जिस पर पिता ने समझाया था कि टीचर को बता देना पापा काम पर गए हैं और पैसे मिलने पर फीस जमा कर देंगे। हालांकि, प्रभुदयाल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने बेटे को पैसे नहीं दिए थे और उन्हें यह भी नहीं पता कि वह घर से पैसे लेकर गया था या नहीं। स्कूल में जमीन पर गिरने से मच गई थी भगदड़ प्रभुदयाल के तीन बच्चों में अंकित सबसे बड़ा था, जबकि छोटा बेटा अखिलेश और बेटी मोनी भी उसी स्कूल में पढ़ते हैं। घटना के समय दोनों भाई-बहन अपनी कक्षा में थे, इसलिए उन्होंने कुछ नहीं देखा। गौरतलब है कि मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे घर से महज 200 मीटर दूर स्थित स्कूल में अंकित अचानक जमीन पर गिर पड़ा था, जिससे परिसर में भगदड़ मच गई और उसकी मौत हो गई। मंगलवार को अंकित की मां ने आरोप लगाया था कि स्कूल पहुंचने में देरी होने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी जान गई। वहीं, सीओ दीपक सिंह का कहना है कि स्कूल में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम व विसरा रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User