20 नवंबर से नमो घाट पर सजेगा काशी गंगा महोत्सव:सुरों और नृत्य की दिखेगी अनूठी छटा
देव दीपावली से पहले काशी के गंगा तट पर संगीत, नृत्य और लोक कलाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। चार दिवसीय काशी गंगा महोत्सव का शुभारंभ 20 नवंबर को नमो घाट पर होगा। 23 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर के ख्यातिलब्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाएंगे। महोत्सव में शास्त्रीय संगीत, भजन, लोकगीत और विभिन्न नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। भजन क्लबिंग से होगा महोत्सव का आगाज महोत्सव के पहले दिन भजन गायन का आधुनिक अंदाज देखने को मिलेगा। भजन गायक राघव एवं सुश्री प्राची 'काशी भजन क्लबिंग : एक संध्या सुरों और बीट्स के नाम' कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। बैकस्टेज सिबलिंग्स के साथ होने वाली इस प्रस्तुति में पारंपरिक भजनों को आधुनिक कॉन्सर्ट, इलेक्ट्रॉनिक बीट्स और लाइट्स के साथ पेश किया जाएगा। भजन जैमिंग और क्लबिंग का यह प्रयोग युवाओं को भक्ति संगीत से जोड़ने का नया प्रयास होगा। पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत डमरू और शंख दल के वादन से होगी। कल्पना पटवारी और कुमार सत्यम की प्रस्तुतियां रहेंगी खास 21 नवंबर को महोत्सव के दूसरे दिन नीलेश एवं निकेश कुमार मलिक का भजन गायन प्रमुख आकर्षण होगा। इसके अलावा गायन, कथक और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। 22 नवंबर को लोक गायिका कल्पना पटवारी अपनी आवाज में लोकगीतों की प्रस्तुति देंगी। भोजपुरी और लोक संगीत के क्षेत्र में पहचान बना चुकीं कल्पना पटवारी की प्रस्तुति लोक संस्कृति के विविध रंग बिखेरेगी। वहीं, 23 नवंबर को अंतिम दिन भजन गायक कुमार सत्यम अपने भजनों से श्रद्धा और भक्ति का माहौल बनाएंगे। सूफी, भजन और गजल गायन के लिए प्रसिद्ध कुमार सत्यम की प्रस्तुति भी खास आकर्षण रहेगी। शास्त्रीय संगीत और लोकनृत्य का होगा संगम चार दिनों तक नमो घाट का मंच शास्त्रीय, उपशास्त्रीय और लोक संगीत की विभिन्न विधाओं से सजेगा। गायन और वादन के साथ कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी और ब्रज के लोकनृत्य की प्रस्तुतियां भी होंगी। पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र की ताल वाद्य कचहरी, काशी रस वाद्य वृंद और अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियां महोत्सव की शोभा बढ़ाएंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)