CSJMU में प्रदर्शन, 'वीसी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी' लगे नारे:34 दिन के भीतर तीसरा प्रदर्शन, विवि के कर्मचारियों ने किया विरोध

Nov 18, 2026 - 23:03
0
CSJMU में प्रदर्शन, 'वीसी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी' लगे नारे:34 दिन के भीतर तीसरा प्रदर्शन, विवि के कर्मचारियों ने किया विरोध
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 34 दिन के भीतर तीसरी बार विरोध प्रदर्शन हुआ। बुधवार को छात्र संगठनों के बाद अब विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने विवि प्रशासन व वीसी प्रो. विनय पाठक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कर्मचारी रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा के कार्यालय में घुसकर जमीन पर बैठ गए और धरना शुरू कर दिया। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन मुर्दाबाद और ‘वीसी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ के नारे लगाए गए। कर्मचारियों ने प्रशासन पर भ्रष्टाचार, दबाव बनाने और शोषण करने के आरोप लगाते हुए विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा व अन्य अधिकारी भी आफिस में मौजूद रहे। विवि के प्रधान सहायक अभिषेक त्रिवेदी ने बताया कि विश्वविद्यालय के सभी कर्मचारी प्रशासन के भ्रष्टाचार और कर्मचारियों पर दबाव बनाने की कार्यशैली के खिलाफ एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में पूर्व में हुई कार्रवाई, व्याप्त भ्रष्टाचार और कर्मचारियों के शोषण के मुद्दे पर आवाज उठाई गई है। खासतौर पर दलित कर्मचारियों के कथित शोषण को लेकर नाराजगी जताई गई। प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन से वार्ता भी हुई। छात्र और कर्मचारी संगठनों के तीन प्रदर्शन सीएसजेएमयू में बीते 34 दिनों में अलग-अलग मुद्दों को लेकर तीन बार विरोध प्रदर्शन हो चुका है। इससे पहले 16 अक्टूबर को भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन ने दलित छात्रा के साथ जातिगत टिप्पणी के मामले में प्रदर्शन किया था। इसके बाद 28 अक्टूबर को विधि छात्र मोर्चा ने छात्रहित के मुद्दों को लेकर विरोध जताया था। अब 18 नवंबर को कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User