मां-बेटे से कथित मारपीट पर बरेली में कार्रवाई की मांग:महासभा ने डीएम के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

Nov 18, 2026 - 15:23
0
मां-बेटे से कथित मारपीट पर बरेली में कार्रवाई की मांग:महासभा ने डीएम के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
गोरखपुर में युवक और उसकी मां के साथ थाने में कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोपों पर बरेली में कार्रवाई की मांग उठी है। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा ने बुधवार को जिलाधिकारी के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। संगठन ने निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। महासभा ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि गोरखपुर में शिवम पांडे और उनकी मां को थाने बुलाकर प्रताड़ित किया गया। युवक से मारपीट और एक पुलिस अधिकारी के जूते पर थूककर चटवाने का भी आरोप लगाया गया है। संगठन ने कहा कि आरोप सही पाए जाने पर पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। महासभा के पदाधिकारी कौशल सारस्वत ने कहा कि थाने आम नागरिकों को न्याय और सुरक्षा का भरोसा देने के लिए होते हैं। उन्होंने कहा कि वहां किसी को अपमानित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत समाज के प्रमुख नेताओं से मामले पर अपनी स्थिति साफ करने की मांग की। महासभा ने आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें तुरंत निलंबित करने और सक्षम अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कौशल सारस्वत ने कहा कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन मुख्यमंत्री से मिलने के लिए कूच करेगा। जरूरत पड़ने पर गांधी प्रतिमा के सामने धरना और भूख हड़ताल भी की जाएगी। पदाधिकारी गजेंद्र पांडे ने कहा कि थाने में किसी नागरिक के साथ अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी जाति विशेष तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिक सम्मान और मानवता से जुड़ा है। प्रदेश मंत्री राजेंद्र प्रसाद घिल्डियाल ने कहा कि महासभा अन्याय के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी। जरूरत पड़ने पर प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान महेश चंद्र पाठक समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User