हमीरपुर में रोडवेज बस चालक से मारपीट:बीच-बचाव करने पहुंची महिला परिचालक को भी गिराया
हमीरपुर के बिवांर थाना क्षेत्र में सायर गांव के पास सड़क पर खड़े ट्रैक्टर से पास लेने को लेकर रोडवेज बस चालक और ट्रैक्टर चालक के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान बीचबचाव करने पहुंची महिला परिचालक को भी धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बुधवार 18 नवंबर को शाम करीब पांच बजे बस चालक सचिन पाल और महिला परिचालक आरती कुशवाहा रोडवेज बस से जा रहे थे। सायर गांव के पास सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा होने के कारण बस को निकलने में परेशानी हो रही थी। इसी बात को लेकर बस चालक और ट्रैक्टर चालक व उसके साथियों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। चालक के साथ मारपीट होते देख आरती कुशवाहा बीचबचाव करने पहुंचीं, तो उन्हें भी धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया। बताया गया कि रोडवेज बस चित्रकूट से लौट रही थी। घटना के बाद महिला परिचालक ने बिवांर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)