काशी में रूस से आए साइबेरियन पक्षी:पर्यटकों को आकर्षित कर रहे, सेल्फी-रील बनाने के लिए गंगा घाट पर बढ़ी रौनक
बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी की खूबसूरती सर्दियों में देखते ही बनती है। सुबह-सुबह गंगा के घाटों पर छाई धुंध, ठंडी हवाओं के बीच चाय की चुस्कियां और गंगा की लहरों पर तैरते हजारों सफेद परिंदे...। ऐसा नजारा मानो काशी के घाटों पर साइबेरिया उतर आया हो। हर साल की तरह इस बार भी हजारों किलोमीटर का सफर तय कर विदेशी मेहमानों ने गंगा किनारे दस्तक दे दी है। नवंबर के पहले सप्ताह में ही इनका आगमन हो चुका है। अब फरवरी तक गंगा की लहरों पर इनकी अठखेलियां देखने को मिलेंगी। माइनस 60 डिग्री की ठंड से बचकर पहुंचे काशी गंगा में तैरते और आसमान में झुंड बनाकर उड़ते सफेद रंग के ये खूबसूरत पक्षी आमतौर पर साइबेरियन पक्षियों के नाम से पहचाने जाते हैं। सफेद शरीर, नारंगी चोंच और नारंगी पैरों वाले इन पक्षियों की खूबसूरती पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। दरअसल, साइबेरिया में सर्दियों के दौरान तापमान माइनस 50 से माइनस 60 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। इस भीषण ठंड से बचने के लिए ये पक्षी हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर भारत के अपेक्षाकृत गर्म इलाकों में पहुंचते हैं। पाकिस्तान के रास्ते काशी तक पहुंचते हैं विदेशी मेहमान प्रोफेसर चांदना हलदार के अनुसार, भारत और साइबेरिया के बीच की दूरी लगभग 4,400 किलोमीटर है। इन प्रवासी पक्षियों का सफर बेहद दिलचस्प है। ये यूरोप के कई देशों से होते हुए अफगानिस्तान, मंगोलिया, चीन और भूटान के रास्ते भारत पहुंचते हैं। वहीं, इनका एक दल पाकिस्तान और राजस्थान होते हुए प्रयागराज के रास्ते काशी पहुंचता है। लंबी दूरी की इस यात्रा में इन्हें मौसम, भोजन और प्राकृतिक परिस्थितियों जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। जानिए वैज्ञानिक ने क्या कहा ये विदेशी परिंदे करीब चार महीने तक काशी में प्रवास करते हैं। इस दौरान गंगा की लहरों पर अठखेलियां करने के साथ ही ये गंगा पार रेतीले इलाकों में प्रजनन भी करते हैं और रेत पर अंडे देते हैं। मार्च में जब गुलाबी ठंड विदा होने लगती है, तब ये अपने बच्चों के साथ वापस अपने मूल निवास की ओर लौट जाते हैं। चांदना हलदार के मुताबिक, काशी का प्राकृतिक वातावरण इन पक्षियों के प्रजनन के लिए अनुकूल है। यहां इन्हें पर्याप्त मात्रा में भोजन भी उपलब्ध होता है। हालांकि, इस बार नवंबर में इनकी संख्या अपेक्षाकृत काफी कम है। माना जा रहा है कि जलवायु परिवर्तन के कारण अभी तक कई विदेशी परिंदे काशी नहीं पहुंच सके हैं। प्यार से खिलाई जा रही ब्रेड-नमकीन बन रही जान की दुश्मन! काशी पहुंचने के बाद इन विदेशी मेहमानों के सामने एक नई मुसीबत खड़ी हो जाती है। घाटों पर आने वाले पर्यटक इन्हें प्यार से ब्रेड, नमकीन और लाई खिलाते हैं, लेकिन यही खाद्य पदार्थ इनके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। गंगा के पानी में बढ़ता प्रदूषण भी इनके जीवन के लिए खतरा बना हुआ है। नतीजा यह है कि कई पक्षी काशी में ही दम तोड़ देते हैं, तो कुछ वापसी की यात्रा के दौरान अपनी जान गंवा देते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)