स्वाति सिंह बोलीं- लखनऊ से 2027 का चुनाव लड़ूंगी:भाजपा से टिकट मांगना मेरा हक; 2022 में क्यों कटा, पार्टी ने आज तक नहीं बताया

Nov 10, 2026 - 04:20
0
स्वाति सिंह बोलीं- लखनऊ से 2027 का चुनाव लड़ूंगी:भाजपा से टिकट मांगना मेरा हक; 2022 में क्यों कटा, पार्टी ने आज तक नहीं बताया
भाजपा की पूर्व मंत्री स्वाति सिंह 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं। उनकी पहली और आखिरी पसंद लखनऊ की सरोजनीनगर सीट है। उन्होंने 2017 में तीन दशक बाद भाजपा को इसी सीट से जीत दिलाई थी। हालांकि, 2022 में पार्टी ने उनका टिकट काटकर राजेश्वर सिंह को उम्मीदवार बनाया था। स्वाति का कहना है कि उनका टिकट क्यों काटा गया, यह आज तक बताया नहीं गया। तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और धर्मेंद्र प्रधान का फोन आया था। आश्वासन दिया था कि चुनाव से ऊपर उठकर संगठन में जगह दी जाएगी। लेकिन, 5 साल इंतजार करने के बाद भी ऐसा नहीं हुआ। स्वाति ने कहा- मैंने 2027 के चुनाव के लिए अपना दावा पार्टी फोरम पर रख दिया है। सरोजनीनगर से टिकट मांगना मेरा हक है। स्वाति ने राजनीतिक संघर्ष, दयाशंकर सिंह से रिश्तों और योगी सरकार के कामकाज पर खुलकर बात की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू... सवाल : क्या आप 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगी? स्वाति : मैं सरोजनीनगर से एक बार फिर चुनाव लड़ना चाहती हूं। मेरा हक भी है और मैं समझती हूं कि पार्टी इसे समझेगी भी…। सवाल : सरोजनीनगर में आप रिकॉर्ड मतों से जीती थीं। फिर टिकट क्यों कटा? स्वाति : इतने साल बीत जाने के बाद भी मैं आज तक समझ नहीं पाई कि मेरा टिकट क्यों काटा गया था? पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ज्यादा अच्छे तरीके से बता सकता है। सवाल : सरोजनीनगर से अभी राजेश्वर सिंह भाजपा विधायक हैं। क्या आप इसी सीट से दावा करेंगी? स्वाति : मैं कोई बड़ी नेता नहीं हूं कि यह कह दूं, मुझे प्रदेश में कोई भी सीट दे दीजिए और मैं जीतकर आ जाऊंगी। सरोजनीनगर इसलिए चाहती हूं, क्योंकि मैंने वहां 5 साल काम किया है। मैं एक-एक गली और एक-एक कार्यकर्ता को पहचानती हूं। अपने क्षेत्र के लोगों को जानती हूं। सवाल : टिकट कटने के बाद क्या पार्टी के किसी बड़े नेता ने आपसे बात की थी? स्वाति : उस वक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और धर्मेंद्र प्रधान का मेरे पास फोन आया था। तब राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह जरूर कहा था कि तुम्हें चुनाव से ऊपर उठकर देख रहे हैं। हमें आश्वासन दिया गया था कि अगले 5 साल में संगठन में कहीं न कहीं जरूर जगह मिलेगी, लेकिन यह आश्वासन पूरा नहीं किया गया। सवाल : 2016 में दयाशंकर सिंह के विवादित बयान के बाद ऐसा क्या हुआ कि आपको विरोध करना पड़ा? स्वाति : बसपा प्रमुख मायावती को लेकर दयाशंकर ने गलत बयान दिया था। इसके विरोध में बसपा के लोगों ने प्रदर्शन किया था। दयाशंकर राजनीतिक व्यक्ति हैं, उनके खिलाफ जो भी विरोध करना था, वह करते। लेकिन, मेरे बच्चों को इस विवाद में घसीटा गया। मेरी बेटी और परिवार की महिलाओं के बारे में अभद्र बयानबाजी की गई। तब मुझे कैमरे के सामने आना पड़ा। सवाल : इस घटना के बाद आप राजनीति में आईं। महिला मोर्चा की अध्यक्ष, विधायक और मंत्री भी बनीं। सफर कैसा रहा? स्वाति : मैंने यूनिवर्सिटी में पढ़ाया भी है। कॉरपोरेट सेक्टर में नौकरी की है। इस बात से कोई महिला इनकार नहीं कर सकती कि वह घर नहीं संभाल सकती। पार्टी ने मुझे महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया, सरोजनीनगर से जीतने पर मंत्री बनाया। मैंने 5 साल महिलाओं के लिए कई काम किए। कुछ काम अधूरे रह गए। अगर 2022 में टिकट मिलता तो उन्हें जरूर पूरा करती। सवाल : भाजपा महिलाओं को राजनीति में 33% आरक्षण देने की हिमायती रही है। क्या यूपी चुनाव में ऐसा होगा? स्वाति : मुझे लगता है कि ऐसा होना चाहिए। प्रधानमंत्री बार-बार कहते हैं कि जीत का श्रेय आधी आबादी को देता हूं। जब आधी आबादी की भागीदारी इतनी सकारात्मक है, तो महिलाओं को जरूर मौका देना चाहिए। सवाल : प्रदेश और राष्ट्रीय कार्यकारिणी बनी, लेकिन स्वाति को जगह क्यों नहीं मिली? स्वाति : मुझे इस बात का बहुत दुख है। पार्टी ने कहीं भी मुझे मौका नहीं दिया। मैंने राष्ट्रीय अध्यक्षजी से भी पूछा कि मेरी एक गलती बता दीजिए। मुझे इसका जवाब भी आज तक नहीं मिला। इन 5 सालों में पार्टी ने मुझे 5-7 प्रदेशों के चुनाव में भेजा। मैं जिस भी प्रदेश में गई, वहां मुझे बहुत कठिन सीटें मिलीं, लेकिन मैंने वहां भी जीत दर्ज की। मुझे उम्मीद थी कि शायद आगे कहीं न कहीं एडजस्ट किया जाएगा। सवाल : क्या 2022 में किसी दूसरी पार्टी से टिकट का ऑफर नहीं आया था? स्वाति : मुझे लगता है कि 2022 को हम बहुत पीछे छोड़ चुके हैं। अब इस बात पर चर्चा करने का कोई फायदा नहीं। 2027 में मैं उम्मीद करती हूं कि भाजपा मुझे टिकट देगी और चुनाव लड़ाएगी। सवाल: पार्टी अगर यह विकल्प दे कि चुनाव मत लड़िए, संगठन में पद दिया जाएगा, तो क्या करेंगी? स्वाति : भाजपा में किसी से पूछकर कोई फैसला नहीं लिया जाता। अगर पार्टी ने तय किया होगा कि स्वाति को टिकट देना है तो जरूर देगी। अगर यह तय नहीं किया होगा तो मुझे टिकट नहीं देगी। लेकिन, मेरी इच्छा सरोजनीनगर से चुनाव लड़ने की है। सवाल: अगर पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो स्वाति का अगला कदम क्या होगा? स्वाति : यह तो भविष्य के गर्भ में है। मुझे नहीं पता, क्योंकि भविष्य हम देख नहीं सकते। सवाल: क्या हाल में आपकी सीएम योगी से मुलाकात हुई? कोई राजनीतिक चर्चा हुई या व्यक्तिगत बातचीत हुई? स्वाति : अभी कुछ दिन पहले ही मेरी सीएम योगी से मुलाकात हुई थी। बहुत सारी चर्चा हुई। राजनीतिक और पारिवारिक, दोनों तरह की बातें हुईं। सवाल: क्या आपने उनके सामने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी? स्वाति : (हंसते हुए) बहुत सारी बातें होती हैं, जो हम आपस में करते हैं। मैं समझती हूं कि हर बात को हर जगह कहना उचित नहीं होगा। सवाल: आप मंत्री रही हैं, सरकार का पहला कार्यकाल करीब से देखा है। दोनों कार्यकाल में क्या अंतर है? स्वाति : भाजपा की वही सरकार है। मुख्यमंत्री के तौर पर योगी आदित्यनाथ ही नेतृत्व कर रहे हैं। सरकार उसी दमखम से चल रही है, जैसे पहले कार्यकाल में चल रही थी। सवाल: हाल में कार्यसमिति की बैठक में अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष भी आए थे। क्या उनसे मुलाकात हुई? स्वाति : मुझे कोई सूचना नहीं दी गई थी। मुझे लगता है कि जहां सूचना नहीं होती, उसका मतलब शायद मैं अपेक्षित नहीं थी। मुझे समझ नहीं आया कि सूचना क्यों नहीं दी गई? क्योंकि निवर्तमान विधायक हूं और पूर्व विधायकों को सूचना दी जाती है। सवाल : अपने संघर्ष के बारे में बताइए। दयाशंकर सिंह से आपकी अरेंज मैरिज थी या लव मैरिज? स्वाति : कभी-कभी ऐसा लगता है कि यह सवाल मेरा पीछा ही नहीं छोड़ रहा। इतने साल हो गए, लेकिन यह सवाल स्वाति से ही होता है। कभी दयाशंकर सिंह से नहीं होता। खैर, अब तो मुझे इसकी आदत पड़ गई है। मैं एमबीए और एलएलएम हूं। दयाशंकर सिंह से मेरी मां ने शादी तय की थी। ठीक है, शादी तो शादी होती है। दो लोगों का रिश्ता होता है। दो परिवारों और दो लोगों का संबंध जुड़ता है। सवाल : शादी हुई, 2 बच्चे हुए। फिर कहां मामला अटक गया? क्यों राहें जुदा हो गईं? स्वाति : मुझे लगता है कि ये बहुत पुरानी बातें हो गई हैं। अब इस विषय पर चर्चा करने का कोई फायदा नहीं। मेरे दो बहुत प्यारे बच्चे हैं। दोनों पढ़ने में बहुत होशियार और समझदार हैं। उन्हें परिवार की वैल्यू पता है। मैं अपनी दुनिया में खुश हूं। सवाल : आप दोनों एक ही पार्टी में हैं। कभी किसी बैठक में आमना-सामना होता है तो बात होती है? स्वाति : कभी बात नहीं होती। कभी-कभार मिल भी गए तो भी बात नहीं होती। सवाल : क्या स्वाति को परिवारवाद के चलते राजनीति में नुकसान उठाना पड़ा? स्वाति : अगर परिवारवाद की बात कर रहे हैं तो मुझे लगता है कि ये सवाल पार्टी के लोगों से करना चाहिए। इसका जवाब वो बेहतर तरीके से दे सकते हैं। क्या परिवारवाद सिर्फ स्वाति पर ही लागू होता है? सवाल : पिछले लोकसभा चुनाव में यूपी में कहां चूक रह गई, जिससे भाजपा को काफी कम सीटें मिलीं? स्वाति : लोकसभा चुनाव में मेरी जिम्मेदारी ओडिशा में लगी थी। वहां विधानसभा चुनाव भी साथ में था। वहां का रिजल्ट काफी अच्छा आया। यूपी में लोकसभा चुनाव के दौरान जो भी चूक या कमी रही होगी, मुझे लगता है कि शीर्ष स्तर के लोगों ने उसका समाधान जरूर तलाशा होगा। सवाल : अभी जेन-जी का आंदोलन हुआ और अब विपक्ष चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठा रहा है? स्वाति : जेन-जी के लिए मैं मानती हूं कि उनके मन में कोई सवाल है तो उन्हें जरूर पूछना चाहिए। लेकिन, शब्दों का चयन भी बहुत अच्छा होना चाहिए। सवाल पूछने का हक सभी को है। मेरे बच्चे भी जेन-जी हैं। वे भी बहुत से सवाल पूछते हैं। बातचीत करनी चाहिए। सवाल: आप सरोजनीनगर से चुनाव लड़ने की बात कर रही हैं। वहां सपा-कांग्रेस गठबंधन से मुकाबले की रणनीति बनाई है? स्वाति : हर व्यक्ति जब भी कोई काम करने जाता है, तो अपनी एक रणनीति बनाकर चलता है। चुनाव में भी यही लागू होता है। मैंने भी सोच रखा है कि मुझे आगे कैसे और क्या करना है। सवाल: आप महिला हैं। आपने यूपी में मायावती की सरकार भी देखी है। उनका शासन कैसा था? स्वाति : मायावती जी में बेहतर नेतृत्व क्षमता मैंने देखी है। एक महिला होने के नाते मैं समझ सकती हूं कि एक महिला को कितनी समस्याओं का सामना करना पड़ता होगा। इसके बावजूद वे काफी सख्त मुख्यमंत्री रही हैं। सवाल : अखिलेश पीडीए की बात करते हैं। पीडीए क्या है और आप इसे कितना समझ पाई हैं? स्वाति : हर पार्टी का अपना एक एजेंडा होता है। अखिलेश जी भी कुछ अच्छा सोचकर अपना यह एजेंडा लेकर आए हैं। इसके साथ आगे बढ़ रहे होंगे। सवाल : भाजपा के सहयोगी दलों में एक-दूसरे की सीटों पर दावा जताया जा रहा है। 2027 का चुनाव कितना कठिन होगा? स्वाति : यह सवाल आपको संगठन से करना चाहिए। सहयोगी दलों को कितनी सीटें मिलेंगी या कौन कहां से चुनाव लड़ेगा, इस पर बैठक हो रही होगी। मैं उस भूमिका में नहीं हूं। इसलिए इस सवाल का जवाब देना भी मेरे लिए उचित नहीं होगा। ---------------------------- यह इंटरव्यू भी पढ़ें - पंकज चौधरी मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे…पढ़िए जवाब: भाजपा में तोड़फोड़ पर बोले- जो छोड़कर गए, वो प्योर भाजपाई नहीं उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनावी रण की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। दल बदल की सियासत पर यूपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कहते हैं- जो छोड़कर गए, वो प्योर भाजपाई नहीं…। चुनावी नारे पर कहा- 300…400 पार नहीं, इस बार भाजपा पिछली बार से बड़ी जीत दर्ज करने जा रही है। भाजपा विधायकों से नाराजगी पर वह सख्ती से कहते हैं- रिपोर्ट कार्ड तैयार है, संगठन फैसला लेगा। 'कुर्मी मुख्यमंत्री' के मुद्दे पर पंकज चौधरी ने बिना लाग-लपेट के अपनी बात रखी। उन्होंने साफ कहा कि उनका सिर्फ एक ही लक्ष्य है- '2027 में भाजपा सरकार।' पढ़िए पूरी बातचीत…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User