मथुरा में भक्त 21 किमी की गोवर्धन परिक्रमा कर रहें:गिरिराज जी को 56 भोग अर्पित होगा, विदेशी भी पहुंचे; ढोल-नगाड़ों पर डांस
मथुरा में गोवर्धन पूजा पर भक्तों का सैलाब उमड़ा है। श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत की 21 किलोमीटर की परिक्रमा कर रहे हैं। शाम तक 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। भारत के अलग-अलग राज्यों सहित विदेश से भी भक्त पहुंचे हैं। ढोल-नगाड़ों पर डांस रहे हैं। भक्त भगवान गोवर्धन नाथ की पूजा अर्चना कर उनको 56 भोग अर्पित करेंगे। भक्त सिर पर टोकरी में अपने हाथों से बनाए व्यंजन रखे और परिक्रमा करते हुए गोवर्धन पर्वत के पास पहुंचे। जहां पहले गिर्राज जी का दूध,दही, घी, शक्कर और शहद से अभिषेक किया। इसके बाद नए अनाज से बनाए व्यंजनों को भगवान को अर्पित किया। इस पर्व पर लोग घरों में भी गाय के गोबर से गिरिराज जी को बनाकर पूजा किया। केशव धाम में दत्तात्रेय होसबोले गिर्राज पूजा करेंगे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के वृंदावन कार्यालय केशव धाम में भी गोवर्धन पूजा की जाएगी। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके बाद मेधावी छात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके बाद केशव प्रभा पत्रिका का विमोचन होगा। दोपहर करीब डेढ़ बजे RSS के सर सहकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले गिर्राज जी का पूजन करेंगे। दो बजे अन्नकूट प्रसाद बांटा जाएगा। इस दौरान रिफाइनरी प्रमुख मुकुल अग्रवाल और अग्रवाल पैकरा एंड मूवर्स के चेयरमैन रमेश अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे। इस्कॉन में 1000 किलो सूजी से बनेंगे गिर्राज जी गोवर्धन पूजा इस्कॉन मंदिर वृंदावन में भी होगी। यहां करीब 1000 किलो सूजी से गिर्राज जी बनाए जाएंगे। इसके बाद देश विदेश से आए भक्त उनकी पूजा करेंगे। गोवर्धन पूजा की मान्यता जानिए द्वापर में भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाया था। 7 दिन 7 रात तक उठाने के बाद श्री कृष्ण ने इंद्र का मान भंग किया और ब्रजवासियों की रक्षा की। इससे प्रसन्न होकर ब्रजवासियों ने उनको अपने-अपने घर से बने व्यंजन ला कर अर्पित किए, जिसके बाद श्री कृष्ण को गिर्राज जी के स्वरूप में पूजा जाता है। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है। ब्रज में भी बने गोबर के गिरिराज, आकार बड़ा होता है ब्रज मंडल यानी मथुरा जिले में गोवर्धन पर्वत पर गोवर्धन गांव बसा हुआ है। सड़कें बनी हुई हैं, गाड़ी-वाहन चलते हैं। यहां से 20 किमी आगे जाएंगे तो बरसाना और फिर नंद गांव मिलेगा। गोवर्धन पूजा के दिन सुबह-सुबह यहां के लोग घरों के बाहर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की एक बड़ी आकृति बनाते हैं। विशेष पूजा के बाद उन्हें अन्नकूट यानी नए अनाज से बने 56 व्यंजनों का भोग लगाते हैं। पूरा दिन उत्साह में बीतता है। फिर शाम के वक्त सभी लोग असल गोवर्धन पर्वत की पूजा में हिस्सा लेने पहुंचते हैं। गोवर्धन पर्वत पर मौजूद दान घाटी मंदिर के महंत पवन जी ने बताया- गोवर्धन पर्वत 7 कोस यानी 21 किमी में फैला है इसलिए लोग गोवर्धन परिक्रमा में मौजूद 3 प्रमुख मंदिरों में होती है। इन मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण को शिला रूप में पूजा जाता है। आइए, उन 3 प्रमुख मंदिरों से जुड़ी कहानी जानते हैं… 1. दान घाटी आधिकारिक तौर पर परिक्रमा शुरुआत यहीं से होती है। द्वापर युग में बरसाने की गोपियां माखन लेकर मथुरा जाया करती थीं। ये माखन कंस के लिए जाता था। श्रीकृष्ण को ये पसंद नहीं था। वो पर्वत की इसी जगह पर गोपियों की मटकियां तोड़ा करते थे और उनका माखन खा जाया करते थे। तब से इस जगह का नाम दान घाटी पड़ा। 2. जतीपुरा मुखारबिंद ये मंदिर दान घाटी मंदिर से 9 किमि दूर पर्वत के बीच वाले हिस्से में मौजूद है। द्वापर में ब्रज के लोग अच्छी खेती के लिए इंद्र की पूजा किया करते थे। अनाज का चढ़ावा चढ़ाते थे। कृष्ण ने ब्रज वासियों से कहा- इंद्र भगवान नहीं, उसकी पूजा का कोई फल नहीं। आपको उसकी जगह भगवान विष्णु के हृदय से जन्मे गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए। कृष्ण की बात मानकर सभी ने मिलकर गोवर्धन पूजा की। जब ये बात इंद्र को पता चली तो उसने सबसे खतरनाक बादल सांवर्तक को ब्रज पर बरसने के लिए कहा। ये बादल प्रलय के वक्त बरसता है। सांवर्तक ने काम शुरू कर दिया। ब्रज में उथल-पुथल मच गई। लोग भागते हुए कृष्ण के पिता नंद बाबा के पास गए। बिना देरी किए कृष्ण गोवर्धन पर्वत पर पहुंच गए। 7 साल के कृष्ण ने गोवर्धन को अपने दाएं हाथ की छोटी उंगली पर उठा लिया। सभी बृज वासी इस पर्वत के नीचे आ गए। शेषनाग पर्वत के चारों तरफ मेड़ बनकर बैठ गए। कृष्ण का सुदर्शन चारों तरफ का पानी सोकने लगा। हफ्ते भर बाद इंद्र ने अपना वज्र चलाने की कोशिश की लेकिन कृष्ण ने वज्र सहित उसका पूरा हाथ लकवा ग्रस्थ कर दिया। बारिश बंद हुई फिर सभी सुरक्षित बाहर आए। जतीपुरा वाला मंदिर वही जगह है जहां कृष्ण ने ये लीला की थी। 3. मानसी गंगा ये कुंड और मंदिर परिक्रमा समाप्ति से 2 किमी पहले मौजूद है। जब इंद्र को पता चला कि श्रीकृष्ण भगवान विष्णु का अवतार हैं। तब इंद्र उनसे क्षमा मांगने आए। अपने साथ सुरभी गाय, ऐरावत हाथी और आकाशगंगा से मानसी गंगा लेकर आए। कृष्ण से क्षमा मांगी। ऐरावत हाथी ने गंगा और गाय का दूध अपनी सूंड में भर कर भगवान का अभिषेक किया। तभी इंद्र ने गोवर्धन की दंडवत परिक्रमा भी की थी। मानसी गंगा और हरिहर मंदिर तब से ही यहां मौजूद हैं। पर्वत पर मौजूद दान घाटी मंदिर के महंत पवन जी ने बताया, “दीपावली के अगले दिन इन मंदिरों में सुबह-सुबह ठाकुर जी को जगाया जाता है। फिर पंचामृत यानी दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से उनको स्नान कराया जाता है। इत्र से मालिश की जाती है। फूल,माला और हार चढ़ाया जाता है। शाम को विशेष तौर पर शिला रूपी भगवान को अन्नकूट का भोग लगाया जाता है। पहली परिक्रमा कृष्ण ने की थी द्वापर में यदुवंशियों के गुरू महामुनि गर्ग ने अपनी संहिता में लिखा है, “जब पहली बार गोवर्धन पूजा हुई थी तब इसकी पहली परिक्रमा श्री कृष्ण ने की थी। उनके पीछे पूरा ब्रज था। गोवर्धन श्री कृष्ण का ही रूप हैं। गोवर्धन की परिक्रमा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसकी एक शिला के दर्शन करने से व्यक्ति का दोबारा धरती पर जन्म नहीं होता। उसे मोक्ष मिल जाता है।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)