आज अखबार नहीं, गोरखपुर की कल की 10 बड़ी खबरें:CM ने गाय की पूजा की, फाइनेंस कंपनी में युवती की लाश मिली
आज गोरखपुर में नो पेपर डे है। ऐसे में 1 दिन पहले आपके शहर में क्या-कुछ हुआ है, सभी बड़े अपडेट आप नीचे पढ़ सकते हैं- 1- सीएम योगी ने किया गौ पूजन, बोले- गाय समृद्धि का खजाना गोरखपुर में सोमवार सुबह सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गौ पूजन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गाय भारतीय कृषि और ऋषि परंपरा की आत्मा है। यूपी में 7700 से अधिक गोशालाओं में 16 लाख गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। सरकार सहभागिता योजना के तहत चार गाय पालने पर किसानों को हर महीने 6 हजार रुपए तक देती है। पढ़ें पूरी खबर... 2- फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में युवती का शव फंदे से लटका मिला, हत्या का आरोप गोरखपुर के शाहपुर इलाके में शनिवार देर रात फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली 20 वर्षीय निंकी राजभर का शव फंदे से लटका मिला। बेटी के घर नहीं पहुंचने पर मां तलाशते हुए ऑफिस पहुंची, जहां शव देखकर चीख पड़ी। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। पोस्टमार्टम के बाद सड़क पर शव रखकर जाम लगाया। पुलिस ने कंपनी संचालक सूरज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पढ़ें पूरी खबर... 3- दीपावली की आतिशबाजी के बीच कार में लगी आग, 20 मिनट में बुझाई; गाड़ी पूरी जली गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र स्थित अमृत विहार कॉलोनी में रविवार रात करीब 11 बजे सड़क किनारे खड़ी कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में कार धू-धूकर जलने लगी। लपटें देखकर आसपास अफरा-तफरी मच गई। दमकल टीम ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कार पूरी तरह जल गई। आशंका है कि पटाखे की चिंगारी से आग लगी। पुलिस जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर... 4- 45 दिन में 4% रिटर्न का लालच देकर 53.30 लाख की ठगी, कंपनी डायरेक्टर पर FIR गोरखपुर में सनड्रॉपशिप रीसेलर प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सुनील सिंह पर निवेशकों से 53.30 लाख रुपए से अधिक की ठगी का आरोप है। कंपनी ने 45 दिन में 4% रिटर्न, सस्ती सोने की ज्वेलरी और एक साल में रकम वापसी का लालच दिया था। निवेशकों को न पैसा मिला और न ज्वेलरी। आरोप है कि डायरेक्टर सात महीने से गायब है। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। पढ़ें पूरी खबर... 5- मकान में लगी भीषण आग, जान बचाकर बाहर भागे परिवार के लोग गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर में सोमवार शाम करीब 7:10 बजे एक मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें और धुआं उठता देखकर परिवार के लोग चीखते-पुकारते बाहर भागे। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने मोर्चा संभाला। आग लगने का कारण और नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। पढ़ें पूरी खबर... 6- संजय निषाद का अखिलेश पर तंज- राम मंदिर दर्शन में वोट का दर्शन छिपा है निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने दीपावली पर अखिलेश यादव के अयोध्या में राम मंदिर दर्शन को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि इस दर्शन में वोट का दर्शन छिपा है। जनता का दर्शन नहीं हो रहा तो भगवान के दर्शन कर रहे हैं। संजय निषाद ने अखिलेश से कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए रामभक्तों से माफी मांगने और दिल्ली वाले राजकुमार को भी अयोध्या ले जाने की सलाह दी। पढ़ें पूरी खबर... 7- सीएम योगी ने सुनी फरियाद, जनता दर्शन में पहुंचे 125 लोग गोरखपुर में सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 125 लोगों की समस्याएं सुनीं। बदायूं, मैनपुरी और देवरिया समेत कई जिलों से फरियादी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी के प्रार्थना पत्र लिए और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को सहायता का भरोसा दिया। बच्चों को चॉकलेट देकर मन लगाकर पढ़ने की सलाह भी दी। पढ़ें पूरी खबर... 8- 19 साल के घोड़ा पुलिस 'योद्धा' का निधन, पुलिस लाइन में सम्मान के साथ दी गई विदाई गोरखपुर पुलिस के अश्व दल में शामिल 19 वर्षीय अश्व 'योद्धा' का सोमवार को निधन हो गया। वह 2013 से पुलिस विभाग में सेवाएं दे रहा था। प्रयागराज कुंभ मेला, गोरखनाथ मंदिर सुरक्षा और वीआईपी ड्यूटी में उसकी तैनाती रही। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पुष्पांजलि अर्पित कर उसे विदाई दी। पढ़ें पूरी खबर... 9- ऑटो में छूटा दिवाली गिफ्ट और जरूरी कागजातों से भरा बैग, CCTV से खोज निकाला गोरखपुर में मुजफ्फरपुर से लौट रहे यात्री मुहम्मद सलाम का बैग ऑटो में छूट गया। बैग में दिवाली के गिफ्ट, कीमती सामान और जरूरी कागजात थे। नकहा स्टेशन पर उतरने के बाद उन्हें इसकी जानकारी हुई। शिकायत पर रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी रवि प्रकाश कुंवर ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर ऑटो को ट्रैक किया। पुलिस ने बैग बरामद कर सामान का मिलान करने के बाद यात्री को सौंप दिया। पढ़ें पूरी खबर... 10- ट्रेन के AC कोच के इलेक्ट्रिक बॉक्स में छिपी मिली 15 लीटर शराब, 20 बोतलें बरामद गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को आरपीएफ और अपराध आसूचना शाखा की टीम ने चेकिंग के दौरान 15 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब ट्रेन संख्या 15566 के एसी कोच A2 के इलेक्ट्रिक बॉक्स में छिपाई गई थी। टीम को रॉयल स्टैग की 20 बोतलें मिलीं, जिनकी कीमत करीब 14 हजार रुपए है। यात्रियों से पूछताछ में कोई दावेदार नहीं मिला। पुलिस ने शराब जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)