दिवाली पर मेडिकल कॉलेज का बर्न वार्ड 24 घंटे अलर्ट:26 बेड तैयार, प्लास्टिक सर्जरी की भी व्यवस्था
मेरठ में दीपावली पर पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं और आग से झुलसने वाले मरीजों के उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में आज के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेडिकल कॉलेज में 26 बेड का बर्न वार्ड तैयार है। यहां 24 घंटे डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही प्लास्टिक सर्जरी विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना के बाद मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि बर्न वार्ड में 26 बेड की व्यवस्था है। यहां दो ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और एक मिनी ओटी भी उपलब्ध है। दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों और स्टाफ की ड्यूटी 24 घंटे लगाई गई है। प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम भी मरीजों के उपचार के लिए मौजूद रहेगी। उन्होंने बताया कि दीपावली पर पटाखे जलाते समय आंखों में चिंगारी जाने और शरीर झुलसने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे मामलों में समय पर उपचार बेहद जरूरी है। कई बार लोग अस्पताल पहुंचने के बजाय झाड़-फूंक या घरेलू उपायों में समय बर्बाद कर देते हैं। इससे चोट और संक्रमण की स्थिति गंभीर हो सकती है। प्राचार्य ने अपील की कि पटाखों से आंख में चिंगारी जाने या शरीर जलने की स्थिति में झाड़-फूंक और घरेलू उपचार के चक्कर में न पड़ें। मरीज को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचें। समय पर इलाज मिलने से गंभीर नुकसान और जटिलताओं से बचाव किया जा सकता है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने दीपावली पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी होने की बात कही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)