कच्चा तेल अगस्त के बाद पहली बार $90 के नीचे:ट्रम्प के बयान के बाद ब्रेंट क्रूड 3.1% गिरा, पेट्रोल-डीजल सस्ता हो सकता है

Nov 10, 2026 - 22:56
0
कच्चा तेल अगस्त के बाद पहली बार $90 के नीचे:ट्रम्प के बयान के बाद ब्रेंट क्रूड 3.1% गिरा, पेट्रोल-डीजल सस्ता हो सकता है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के ईरान पर और हमले न करने के बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल लगातार सस्ता हो रहा है। युद्ध रुकने की उम्मीदों के चलते ब्रेंट क्रूड की कीमत अगस्त के बाद पहली बार 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई हैं। मंगलवार को ब्रेंट क्रूड में 3.1% और इससे एक दिन पहले करीब 6% की गिरावट हुई थी। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर युद्ध खत्म करने का दबाव बढ़ रहा है और उन्होंने यह संकेत भी दिए हैं कि अब ईरान पर नए सैन्य हमलों की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्रूड ऑयल 2 दिन में करीब 9% गिरा सिर्फ 2 दिन में कच्चा तेल करीब 9% तक सस्ता हो गया है। अक्टूबर के आखिर में 6 महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचने के बाद अब तेल के दामों में बड़ी गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड के 90 डॉलर से नीचे आने के साथ-साथ अमेरिका में भी पेट्रोल के दाम जुलाई के बाद पहली बार 4 डॉलर प्रति गैलन से कम हो गए हैं। कीमतें घटने से महंगाई से परेशान लोगों और बैंकों को बड़ी राहत मिलेगी। जानकारों का मानना है कि अमेरिका में राजनीतिक बदलावों के बाद अब यह उम्मीद बढ़ गई है कि अमेरिका ईरान पर हमले तेज नहीं करेगा, जिससे बाजार में शांति है। ईरान बोला- जंग खत्म हुई तो 2 दिन में होर्मुज खोल देंगे ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अगर अमेरिका युद्ध पूरी तरह खत्म कर दे और उनकी शर्तें मान ले, तो ईरान दो दिनों के अंदर तेल सप्लाई का मुख्य समुद्री रास्ता 'होर्मुज स्ट्रेट' खोल देगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो ईरान हमले के लिए पूरी तरह तैयार है। बता दें कि होर्मुज स्ट्रेट से दुनिया का बहुत सारा कच्चा तेल गुजरता है, और इसका रास्ता बंद होने से दुनिया भर में तेल की सप्लाई रुक सकती है और कीमतें बहुत बढ़ सकती हैं। क्रूड सस्ता महंगा होने का भारत पर असर भारत अपनी कुल जरूरत का लगभग 85% कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है, इसलिए इसके दाम घटने या बढ़ने का असर देश की इकोनॉमी पर पड़ता है। 1. जब क्रूड महंगा हो तो पेट्रोल-डीजल महंगा जब वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल महंगा होता है, तो भारत को इसे खरीदने के लिए ज्यादा डॉलर चुकाने पड़ते हैं। इससे देश का 'आयात बिल' और चालू खाता घाटा बढ़ जाता है। क्रूड अगर बहुत ज्यादा महंगा हो जाए और लंबे समय तक महंगा ही बना रहे तो तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा देती हैं। डीजल के दाम बढ़ते ही माल ढुलाई महंगी हो जाती है, जिससे बाजार में सब्जियां, फल, राशन और अन्य जरूरी सामान महंगे हो जाते हैं। 2. जब क्रूड सस्ता तो पेट्रोल-डीजल सस्ता जब कच्चे तेल की कीमतें घटती हैं तो भारत के लिए तेल आयात करना सस्ता हो जाता है। इससे देश के विदेशी मुद्रा भंडार की बचत होती है और सरकार पर वित्तीय दबाव कम होता है। तेल कंपनियों की लागत घटने से ईंधन की कीमतें स्थिर या कम हो सकती हैं। परिवहन सस्ता होने से रोजाना इस्तेमाल होने वाली चीजों के दाम नियंत्रित रहते हैं। देश में महंगाई दर घटती है। भारत की पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर तुरंत क्या असर पड़ेगा? घरेलू स्तर पर पेट्रोल-डीजल के दाम तुरंत कम होना इस बात पर निर्भर करता है कि सरकारी तेल कंपनियां पिछला घाटा पूरा कर चुकी हैं या नहीं। हालांकि, अगर ब्रेंट क्रूड लंबे समय तक 95-98 डॉलर के दायरे में या उससे नीचे रहता है, तो तेल कंपनियों का रिफाइनिंग मार्जिन सुधरेगा। इससे आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की कटौती का रास्ता साफ हो सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User