रेस्टोरेंट के बाहर दो युवकों से मारपीट:राजनगर एक्सटेंशन में दर्जनभर युवकों पर हमला करने का आरोप

Nov 10, 2026 - 22:10
0
रेस्टोरेंट के बाहर दो युवकों से मारपीट:राजनगर एक्सटेंशन में दर्जनभर युवकों पर हमला करने का आरोप
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में 9 नवंबर की देर रात बैट एंड आउल (BAT OWL) रेस्टोरेंट के बाहर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। आरोप है कि करीब दर्जनभर युवकों ने दो युवकों को घेरकर पीटा। एक युवक के सिर पर पिस्टल तानकर हत्या की कोशिश करने का भी आरोप है। घटना रेस्टोरेंट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पीड़ित पक्ष ने अर्जुन खुटैल और शौर्य पर मारपीट और पिस्टल तानने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, वह अपने साथी के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। वहां दूसरे पक्ष के युवकों से किसी बात पर विवाद हुआ। बाहर कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। पीड़ित का आरोप है कि दूसरे पक्ष के करीब दर्जनभर युवकों ने उन्हें घेर लिया। अर्जुन खुटैल और शौर्य ने पिस्टल निकालकर उसके सिर पर तान दी और हत्या की कोशिश की। मारपीट के दौरान पीड़ित की करीब दो तोले की सोने की चेन भी गिर गई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीसीटीवी फुटेज में युवकों के बीच मारपीट होती दिख रही है। ACP नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि 9 नवंबर को रात करीब 11 बजे नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की। वादी सूरज पाल की तहरीर के आधार पर आरोपी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User