आरएसएस ने बुलंदशहर में टिकट दावेदारों की स्क्रीनिंग शुरू की:सात विधानसभा सीटों के नेताओं से पूछे जा रहे 10 सवाल, नवंबर अंत तक रिपोर्ट तैयार होगी

Nov 10, 2026 - 15:36
0
आरएसएस ने बुलंदशहर में टिकट दावेदारों की स्क्रीनिंग शुरू की:सात विधानसभा सीटों के नेताओं से पूछे जा रहे 10 सवाल, नवंबर अंत तक रिपोर्ट तैयार होगी
बुलंदशहर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों के दावेदारों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। इसके लिए संघ की एक विशेष समन्वयक टीम मैदान में उतारी गई है। ​संघ की समन्वय समिति से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी टिकट मांग रहे नेताओं को एक-एक कर ('वन टू वन') बुलाकर उनका साक्षात्कार ले रहे हैं। इस स्क्रीनिंग प्रक्रिया के तहत दावेदारों के सामने 10 प्रमुख सवाल रखे जा रहे हैं, जिनके आधार पर उनके राजनैतिक, सामाजिक और संगठनात्मक प्रभाव का आकलन किया जा रहा है। बातचीत के दौरान सबसे पहला और अहम सवाल यही पूछा जा रहा है कि "यदि पार्टी आपको टिकट देती है, तो आप चुनाव किस रणनीति से और कैसे जीतेंगे?" इसके अलावा क्षेत्र में उनकी सक्रियता, कार्यकर्ताओं में पैठ और जनता के बीच छवि को लेकर भी तीखे सवाल पूछे जा रहे हैं। ​दिसंबर के पहले हफ्ते रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व के भेजा जाएगा यह स्क्रीनिंग प्रक्रिया नवंबर के अंत तक पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद दिसंबर के पहले सप्ताह में संघ की समन्वयक टीम तैयार रिपोर्ट को संघ के उच्च पदाधिकारियों और केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेगी। माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट का असर भाजपा के अंतिम टिकट वितरण पर साफ दिखाई देगा। ​भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि भाजपा में प्रत्याशी तय होने से पहले हर दावेदार को एक कड़ी 'अग्निपरीक्षा' से गुजरना पड़ता है। पार्टी और संघ का मुख्य ध्येय यह सुनिश्चित करना है कि जिस भी प्रत्याशी को मैदान में उतारा जाए, उसका जीत का ठोस आधार क्या है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई नई बात नहीं है, बल्कि यह एक सतत संगठनात्मक प्रक्रिया है जो हर चुनाव से पूर्व अपनाई जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी हाईकमान जिसे भी अधिकृत प्रत्याशी बनाएगा, पूरा संगठन और कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ उसे चुनाव लड़ाएंगे और विजय प्राप्त करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User