तमंचा बरामद कराने पहुंची पुलिस पर फायरिंग, 2 आरोपी गिरफ्तार:मेरठ में निर्माणाधीन बिल्डिंग में छिपे साथी ने चलाई गोली, कारतूस-वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
मेरठ में इंद्रापुरम गोलीकांड के आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी गई। पुलिस एक आरोपी को साथ लेकर उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तमंचा बरामद कराने पहुंची थी। इसी दौरान निर्माणाधीन इमारत में छिपे उसके साथी ने पुलिस पर गोली चला दी। हालांकि, फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल होंडा शाइन बाइक बरामद की है। आरोपियों की पहचान शताब्दीनगर निवासी शिवांश उर्फ चिंटू (22) और अभिषेक (23) के रूप में हुई है। 9 नवंबर को कुलदीप को मारी थी गोली मामला परतापुर थाना क्षेत्र के इंद्रापुरम की पीर वाली गली का है। यहां 9 नवंबर को कुंडा निवासी कुलदीप पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। इस मामले में कुलदीप के भाई रोहित कसाना की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास, मारपीट और धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। आरोपी ने साथी को आवाज देकर पुलिस पर चलवाई गोली मंगलवार को शताब्दीनगर निवासी शिवांश उर्फ चिंटू को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने वारदात में इस्तेमाल तमंचा बरामद कराने की बात कही। मंगलवार देर रात पुलिस टीम शिवांश को लेकर एलएनटी के पास एक निर्माणाधीन इमारत पर पहुंची। पुलिस उसकी निशानदेही पर तमंचा बरामद कर रही थी। इसी दौरान शिवांश ने इमारत में छिपे अपने साथी अभिषेक को पुलिस पर फायरिंग करने के लिए आवाज लगाई। इसके बाद अभिषेक ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिसकर्मी गोली लगने से बच गए। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया। दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद पुलिस ने अभिषेक के कब्जे से एक तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया। वहीं, शिवांश की निशानदेही पर दूसरा तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस मिला। इसके अलावा अभिषेक की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल होंडा शाइन बाइक भी बरामद की गई। आरोपी शिवांश पर पहले से दर्ज है मुकदमा सीओ ब्रह्मपुरी राम प्रकाश ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची थी। इसी दौरान उसके साथी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घेराबंदी कर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। शिवांश के खिलाफ पहले भी मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)