केदारनाथ के गर्भगृह के कपाट बंद:मुख्य कपाट सुबह 8:30 बजे बंद होंगे; यमुनोत्री के 10:28 बजे होंगे बंद, 27.98 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उत्तराखंड के केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट आज शीतकाल के लिए बंद होंगे। केदारनाथ मंदिर में सुबह 3 बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 4 बजे समाधि पूजा हुई और 6 बजे गर्भगृह के द्वार बंद कर दिए गए। इस दौरान सेना के 15 जवानों ने बैंड की धुनों के साथ समारोह में हिस्सा लिया। सुबह करीब 8 बजे बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली को सभा मंडप से बाहर लाया जाएगा। इसके बाद सुबह 8:30 बजे मंदिर के मुख्य कपाट बंद होंगे। वहीं, यमुनोत्री धाम के कपाट सुबह 10:28 बजे बंद किए जाएंगे। इसके साथ ही दोनों धामों की ग्रीष्मकालीन यात्रा समाप्त हो जाएगी। इस साल दोनों धामों में पिछले साल के मुकाबले अधिक श्रद्धालु पहुंचे। मंगलवार शाम तक केदारनाथ में 19,13,815 और यमुनोत्री में 8,84,289 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। दोनों धामों में कुल 27,98,104 श्रद्धालु पहुंचे। पिछले साल के मुकाबले केदारनाथ में 1.45 लाख और यमुनोत्री में 2.40 लाख अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। कपाट बंद होने के बाद भी पूजा-अर्चना जारी रहेगी। बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली तीन दिन की यात्रा के बाद ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। वहीं, मां यमुना की डोली सोमेश्वर देवता की अगुवाई में खरसाली स्थित खुशीमठ पहुंचेगी। अगले छह महीने तक श्रद्धालु इन शीतकालीन गद्दीस्थलों पर दर्शन कर सकेंगे। इनफोग्राफिक्स से दोनों धामों के बारे में जानिए…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)