राम मंदिर जाएं तो अजमेर शरीफ भी जाएं अखिलेश यादव:दो नावों पर सवार अखिलेश का हश्र कांग्रेस जैसा होगा, मजहब की खिचड़ी नहीं पकेगी- मौलाना शहाबुद्दीन

Nov 11, 2026 - 09:32
0
राम मंदिर जाएं तो अजमेर शरीफ भी जाएं अखिलेश यादव:दो नावों पर सवार अखिलेश का हश्र कांग्रेस जैसा होगा, मजहब की खिचड़ी नहीं पकेगी- मौलाना शहाबुद्दीन
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर प्रदेश का सियासी और धार्मिक पारा गरमा गया है। एक तरफ जहां अयोध्या के साधु-संतों की ओर से उनके दौरे को लेकर विरोध के सुर उठने लगे हैं, वहीं दूसरी तरफ अब मुस्लिम धर्मगुरुओं की भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की चर्चाओं पर सीधा हमला बोलते हुए इसे राजनीतिक संतुलन साधने की नाकाम कोशिश करार दिया है। आस्था निजी विषय, संतुलन के लिए अजमेर शरीफ भी जाएं अखिलेश मौलाना शहाबुद्दीन ने अपने बयान में कहा कि अखिलेश यादव राम मंदिर जा रहे हैं, तो यह सीधे तौर पर आस्था से जुड़ा मामला है। आस्था के मामले में हर व्यक्ति पूरी तरह स्वतंत्र है- चाहे वह मंदिर जाए या मस्जिद जाए, यह उसका व्यक्तिगत अधिकार है। हालांकि, मौलाना ने इस पर एक अहम शर्त जोड़ते हुए कहा कि यदि अखिलेश यादव सचमुच संतुलन साधना चाहते हैं, तो उन्हें राम मंदिर जाने के तुरंत बाद राजस्थान में हजरत ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह (अजमेर शरीफ) भी जाना चाहिए। तभी समाज में उनका यह कदम संतुलित नजर आएगा। शाहबानो केस और राजीव गांधी के दौर की दिलाई याद मौलाना रजवी ने अखिलेश यादव को इतिहास से सीख लेने की नसीहत देते हुए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे, तब शाहबानो प्रकरण सामने आया था। उस वक्त संसद के जरिए मुस्लिम पर्सनल लॉ के मुताबिक फैसला किया गया। इसके बाद कांग्रेस ने हिंदू मतदाताओं को खुश करने और संतुलन बनाने की रणनीति बनाई। इसी के तहत बाबरी मस्जिद का ताला खुलवाया गया और वहां पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हुआ। मौलाना ने कहा कि कांग्रेस की इस रणनीति का अंजाम यह हुआ कि न तो हिंदू खुश हुए और न ही मुसलमान। कांग्रेस 'न घर की रही, न घाट की' और पार्टी को इसका भारी राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा। दो धारी नाव पर सवार हैं अखिलेश, मजहब की खिचड़ी होगी फेल मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने सपा प्रमुख पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव भी इस समय उसी दो धारी नाव पर सवार होकर चलने की कोशिश कर रहे हैं। मौलाना के अनुसार, अखिलेश यादव को अब यह भली-भांति समझ आ चुका है कि मुस्लिम मतदाता उनके पाले से खिसक चुका है। इसी खिसकते वोट बैंक की भरपाई करने और हिंदू वोटों को अपनी तरफ खींचने के लिए वे अब राम मंदिर जाने की कवायद कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि धर्म और मजहब के नाम पर अखिलेश यादव जो राजनीतिक खिचड़ी पकाने की कोशिश कर रहे हैं, वह पूरी तरह नाकाम और फेल साबित होगी। एक तरफ अयोध्या के संतों की नाराजगी और दूसरी तरफ मुस्लिम धर्मगुरु का यह कड़ा रुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे पर नए सियासी सवाल खड़े कर रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User