44 स्कूलों ने परीक्षा केंद्र बनने पर जताई आपत्ति:बलरामपुर में 16 नवंबर को आएगी दूसरी सूची
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। पांच फरवरी से शुरू होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए जिले में परीक्षा केंद्रों की तस्वीर अब लगभग साफ होने वाली है। हालांकि,केंद्रों की पहली अनंतिम सूची जारी होने के बाद उठे विरोध और आपत्तियों ने शिक्षा विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 70 विद्यालयों को केंद्र बनाने के प्रस्ताव पर 44 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों ने आपत्ति दर्ज कराई है। अब सबकी निगाहें 16 नवंबर को जारी होने वाली दूसरी सूची पर टिकी हैं। इसी दिन तय होगा कि किन विद्यालयों को केंद्र की जिम्मेदारी मिलेगी और कौन सूची से बाहर होगा। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की परीक्षा इस बार जिले में कुल 37,926 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 21,918 और इंटरमीडिएट के 16,008 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की परीक्षा कराने के लिए केंद्रों का निर्धारण विभाग के सामने बड़ी चुनौती है। बोर्ड की ओर से जारी पहली अनंतिम सूची में 70 विद्यालयों को शामिल किया गया था। सूची पर दावा-आपत्ति के लिए 28 अक्टूबर की रात 12 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। परीक्षा कराने में असमर्थता जता दी इस दौरान 44 विद्यालयों ने प्रत्यावेदन देकर प्रस्तावित केंद्रों पर सवाल उठाए। पहली बार परीक्षा केंद्रों की सूची में जगह पाने वाले चार राजकीय विद्यालयों ने ही परीक्षा कराने में असमर्थता जता दी है। राजकीय हाईस्कूल मधवाजोत,राजकीय हाईस्कूल रामगढ़ मैटहवा,राजकीय इंटर कॉलेज घूघुलपुर और राजकीय हाईस्कूल हरहटा के प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों ने पर्याप्त कमरे,सीसी कैमरे,वायस रिकॉर्डर,शिक्षक और कर्मचारियों की कमी का हवाला दिया है। इनका कहना है कि मौजूदा संसाधनों के सहारे बोर्ड परीक्षा कराना संभव नहीं है। वहीं,दागी विद्यालयों की श्रेणी में शामिल ग्रामीण भारत इंटर कॉलेज हाशमीनगर मथुरा बाजार के प्रबंधक ने भी परीक्षा कराने में असमर्थता जताकर विभाग को प्रत्यावेदन दिया है। केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया और दिलचस्प इससे केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया और दिलचस्प हो गई है। पहली अनंतिम सूची में चार ऐसे विद्यालय भी शामिल हैं,जिन्हें अब तक यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। इनमें मोहम्मद हसन हायर सेकेंडरी स्कूल महमूदनगर,राजकुमार इंटर कॉलेज विशुनपुर कोड़र पचपेड़वा,हाजी जान मोहम्मद शाह इंटर कॉलेज अस्सीनगर पिपरा और श्रीमती ननका देवी कन्हई वर्मा इंटर कॉलेज सुर्जनपुर रेहराबाजार शामिल हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद इन विद्यालयों की किस्मत का फैसला होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद के मुताबिक, सभी 44 प्रत्यावेदनों का निस्तारण कर सूची उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेज दी गई है। परीक्षा केंद्रों की दूसरी सूची 16 नवंबर को प्रकाशित होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)