'राधे-राधे कमल खिला दे' पर अखिलेश का तंज:बोले-भाजपा खुद ही मान रही कि कमल मुरझा गया है
मथुरा के चिंतन शिविर से निकल भाजपा के नारे 'राधे-राधे, कमल खिला दे' पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि इस नारे का मतलब है कि कमल मुरझा गया है, तभी तो दोबारा खिलाने की प्रार्थना कर रहे हैं। जो फूल मुरझा जाता है, वह फिर नहीं खिलता। वे स्वीकार कर रहे हैं कि कमल मुरझा गया है। विदाई का भी यही मतलब होता है। बुधवार को गोरखपुर दौरे पर आए अखिलेश यादव चौरी चौरा में जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। गोरखनाथ मंदिर में दर्शन करने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह कभी गोरखनाथ मंदिर में दर्शन करने नहीं गए हैं लेकिन गुरु गोरखनाथ का समाज में बड़ा योगदान है। उन्होंने जो दिशा दिखाई, समाज उसी दिशा में चल रहा है। लेकिन आज जो गद्दी पर बैठ गए हैं, वो सच्चे संत नहीं हें। सच्चा संत, सच्चा योगी, दूसरे के दुख को अपना दुख समझेगा। भाजपा वोटर लिस्ट में बेईमानी करना चाहती है मतदाता सूची को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एक वोटर लिस्ट ठीक नहीं कर पा रहे हैं। भाजपा यह जानती है कि चुनाव हारने वाले हैं। इसीलिए वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर बेईमानी करना चाहते हैं। जब वोटर मतदान करने जागा तो उसे राजनीतिक दल के पास दूसरी सूची मिलेगी और मतदान स्थल पर पीठासीन अधिकारी के पास दूसरी। दोनों में काफी अंतर होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.27 करोड़ हिन्दुओं के वोट कटे हैं, जब चुनाव आयोग ने इसपर आपत्ति की तो अब अधिकारियों के माध्यम से हेराफेरी करने की तैयारी है। एकादशी के बाद कांग्रेस से होगी बात कांग्रेस से सीटों के बंटवारे को लेकर बात न हो पाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारी और कांग्रेस पार्टी की बात हो जाएगी। 20 तारीख को एकादशी है, उसके बाद जो तिथियां निर्धारित हैं, उसपर बातचीत हो जाएगी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि सरकार के कई अधिकारियों ने जनता को अपमानित किया है। जिस तरह से जूता चटवा दिया, यह किस तरह का व्यवहार पुलिस कर रही है। पुलिस को अहंकारी कौन बना रहा है।
आजम खान की रिहाई पर उन्होंने कहा कि यह सच्चाई की जीत हुई है। भविष्य में भी उनके साथ न्याय होगा। चुनाव की तैयारी पर उन्होंने कहा कि 2024 का परिणाम सबने देखा है। उत्तर प्रदेश की जनता बहुत पॉलिटिकल है। यहां बांसगांव में किस तरह से जीत, हार में बदल दी गई। कई सीटों पर बड़े पैमाने पर बेईमानी हुई, यह सब जानते है। इस बार शिक्षक एमएलसी चुनाव में गोरख धंधे और सतरंगी घोड़ा चाल के कारण संजयन त्रिपाठी नहीं जीते। 2024 से भी अधिक जागरूक पीडीए समाज हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार टैबलेट नहीं बांट रही बल्कि गोली दे रही है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर तंज कसा अखिलेश ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर तंज कसा। केशव की ओर से मथुरा जाने की बात पर उन्होंने कहा कि केशव का मतलब श्रीकृष्ण होता है। भगवान श्रीकृष्ण के बारे में उनके पड़ोसी जिले में क्या कहा जा रहा है, उसे सुनने के बाद भी आप कुछ नहीं कह रहे। इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता। इसका मतलब है कि आप नकली सनातनी हो। जहां आशीर्वाद मिल रहा हो, वहां कौन नहीं जाएगा अखिलेश यादव ने अयोध्या जाने के सवाल पर कहा कि जहां आशीर्वाद मिल रहा हो, वहां कौन नहीं जाना चाहेगा। जहां से भाजपा की शुरूआत हुई, वहां जनता ने उन्हें हरा दिया। जो भाजपा के साथ है, वो माफिया ही नहीं है। हाईकोर्ट ने जो माफिया की सूची जारी की थी, मुझे उम्मीद है कि सरकार उसपर काम करेगी। यही हाता है जो हम सबको भाता है अखिलेश यादव ने कहा कि दिल्ली वाले नहीं समझते हैं जब मैं कहता हूं कि हाता नहीं भाता। यही हाता है जो सबको भाता है। उन्होंने कहा कि जो गोरखपुर में रहे हों, ऐसे कुछ लोग लगातार पोस्टिंग पा रहे हैं। वह इसलिए है कि उसे गोरखधंधे का अनुभव है। चाहे डेवलपमेंट अथारिटी में रहे हों, फिर आए हों, फिर गए हों, फिर आए हों।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)