पेट्रोल टैंकर से रिसाव होकर खेतों में बहा ईंधन:देवरिया में बाल्टी-ड्रम लेकर पहुंचे लोग, फायर ब्रिगेड ने पानी का छिड़काव किया
देवरिया जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के बगहा मठिया गांव में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे इंडियन ऑयल के पेट्रोल टैंकर से रिसाव शुरू हो गया। पेट्रोल सड़क किनारे और आसपास के खेतों में बहने लगा। रिसाव रोकने में नाकाम चालक टैंकर छोड़कर मौके से फरार हो गया। खेतों में पेट्रोल बहता देख कुछ ग्रामीण बाल्टी और ड्रम लेकर उसे भरने पहुंच गए। पेट्रोल का दबाव ज्यादा होने से काफी मात्रा में ईंधन खेतों में फैल गया। पेट्रोल में आग लगने का था खतरा सूचना मिलने पर बरियारपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पेट्रोल में आग लगने का खतरा देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने आसपास पानी का छिड़काव किया। पुलिस ने भी मौके पर स्थिति संभालने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक, देवरिया जिले के बैतालपुर स्थित इंडियन ऑयल डिपो से पेट्रोल लेकर एक टैंकर बैकुंठपुर जा रहा था। वह बगहा मठिया के पास पहुंचा ही था कि टैंकर से पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। चालक ने रिसाव रोकने की कोशिश की, लेकिन पेट्रोल की धार तेज होने लगी। यह देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ बढ़ने पर चालक टैंकर छोड़कर भाग गया। इसी बीच किसी ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से आग लगने की घटना नहीं हुई। टैंकर से रिसाव कैसे हुआ और चालक मौके से क्यों भागा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)