मेरठ में किसानों का धरना 17 दिन से जारी:हक के इंतजार में मेडा परिसर में डटे, अधिकारी नहीं कर रहे वार्ता
मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) परिसर में किसानों का धरना 17वें दिन भी जारी रहा। मुआवजे और प्लॉट की मांग को लेकर किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि अभी तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। किसानों का आरोप है कि उनकी मांगों को लेकर न तो प्राधिकरण गंभीरता दिखा रहा है और न ही जनप्रतिनिधि उनकी सुध लेने पहुंच रहे हैं। लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी योजना से जुड़े किसान लंबे समय से रुके हुए प्रतिकर और प्लॉट आवंटन की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर किसानों ने पहले अलग-अलग स्थानों पर धरना-प्रदर्शन और पंचायत की। इसके बाद MDA परिसर में धरना शुरू कर दिया। किसानों ने दिवाली भी धरनास्थल पर ही मनाई। भाई दूज पर महिलाओं ने धरने में पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। अब धरने को 17 दिन पूरे हो चुके हैं। किसान नेता गौरव गुर्जर काजीपुर ने कहा कि 17 दिन से किसान MDA परिसर में बैठे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मौजूदा सरकार के जनप्रतिनिधि भी अभी तक किसानों के बीच उनका दुख-दर्द जानने नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की इस लड़ाई में वह लगातार उनके साथ खड़े हैं। जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिलता, संघर्ष जारी रहेगा। किसानों का कहना है कि वे अपनी जमीन देने के बाद भी मुआवजे और प्लॉट के लिए भटक रहे हैं। उनकी मांग है कि लंबित प्रतिकर का भुगतान किया जाए और पात्र किसानों को जल्द प्लॉट आवंटित किए जाएं। किसानों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने तक धरना जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)