मां के दरवाजे पर भिक्षा मांगने पहुंचे थे योगी:मां ने कहा- बेटा, घर में क्या कमी थी; मां ने चावल और पैसे देकर दी थी भिक्षा

Nov 20, 2026 - 13:42
0
मां के दरवाजे पर भिक्षा मांगने पहुंचे थे योगी:मां ने कहा- बेटा, घर में क्या कमी थी; मां ने चावल और पैसे देकर दी थी भिक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां सावित्री देवी की जिंदगी का सबसे रोचक किस्सा तब का है, जब घर से गायब योगी आदित्यनाथ अचानक 6 महीने बाद उनके सामने पहुंचे। भगवा कपड़ों में योगी मां से भिक्षा मांगने पहुंचे थे। गोरक्षनाथ पीठ के एक युवा संन्यासी के रूप में वह पहली बार अपने गांव पहुंचे थे। हालांकि, यह घर लौटने की यात्रा नहीं थी। वह संन्यासी जीवन की एक परंपरा पूरी करने आए थे। उन्हें अपने माता-पिता से भिक्षा लेनी थी। उस दिन मां सावित्री देवी की आंखों से आंसू बहने लगे थे। उन्होंने बेटे को घर के अंदर आने के लिए कहा, लेकिन योगी ने मना कर दिया। मां ने चावल और पैसे भिक्षा में दिए। योगी भिक्षा लेकर लौट गए। मां दरवाजे पर खड़ी अपने बेटे को जाते हुए देखती रहीं। छह महीने तक परिवार को पता नहीं चला, अजय कहां हैं योगी आदित्यनाथ का बचपन का नाम अजय सिंह बिष्ट था। उन्होंने 1989 में ऋषिकेश के भरत मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद पौड़ी के कोटद्वार स्थित डॉ. पीतांबर दयाल बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीएससी में दाखिला लिया। 1992 में यहां से पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय में फिजिक्स से एमएससी में एडमिशन लिया, लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं की। इसी दौरान वह घर छोड़कर चले गए। परिवार को करीब छह महीने तक पता नहीं चला कि अजय कहां हैं। पिता आनंद सिंह बिष्ट ने उन्हें कई जगह तलाशा। हर उस स्थान पर गए, जहां बेटे के होने की संभावना थी। लेकिन अजय नहीं मिले। बाद में पता चला कि अजय गोरखपुर के गोरक्षनाथ पीठ में हैं और संन्यासी बन चुके हैं। बेटे के इस फैसले से पिता को दुख हुआ, लेकिन वह कुछ कर नहीं सके। भिक्षा मांगने पहुंचे तो मां ने पूछा- घर में क्या कमी थी? संन्यास लेने के बाद अजय अब योगी आदित्यनाथ बन चुके थे। 1993 में वह अपने गांव पंचूर पहुंचे। इस बार उनका रूप बिल्कुल अलग था। गेरुआ वस्त्र, मुंडा हुआ सिर, दोनों कानों में बड़े-बड़े कुंडल और हाथ में खप्पर। गांव के लोग उन्हें देखकर पहचान नहीं पा रहे थे। पत्रकार विजय त्रिवेदी अपनी किताब 'यदा यदा हि योगी' में इस घटना का जिक्र करते हैं। उनके मुताबिक, योगी घर के बाहर पहुंचे और भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर मां सावित्री देवी दरवाजे पर आईं। सामने अपने बेटे को संन्यासी के रूप में देखकर वह कुछ देर तक खामोश रहीं। उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। योगी ने मां से कहा- 'मां, भिक्षा दीजिए' मां ने खुद को संभालते हुए पूछा- 'बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?'योगी ने जवाब दिया- 'मां, संन्यास मेरा धर्म है। एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी। आप भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही मेरे मनोरथ को पूरा करेगा।' मां को अब भी बेटे के इस रूप पर यकीन नहीं हो रहा था। उन्होंने कहा- 'बेटा, तुम पहले घर के अंदर आओ।' लेकिन योगी ने मना कर दिया। उन्होंने कहा कि बिना भिक्षा लिए न तो वह घर के अंदर आ सकते हैं और न ही वहां से जा सकते हैं। जो कुछ भी मां देंगी, उसे लेकर ही वह लौटेंगे। मां बेटे की जिद के आगे हार गईं। वह घर के अंदर गईं और थोड़े चावल व पैसे लाकर योगी के पात्र में डाल दिए।भिक्षा मिलने के बाद योगी पीछे मुड़े और वापस चल दिए। मां आंखों में आंसू लिए दरवाजे पर खड़ी अपने बेटे को जाते हुए देखती रहीं। विजय त्रिवेदी ने अपनी किताब में लिखा है कि भिक्षा लेते ही योगी आगे चल दिए। उनके जाने के बाद भी मां के मन में बेटे के संन्यासी बनने का दुख बना रहा। बेटे को वापस ले जाने गोरखपुर पहुंचे थे माता-पिता योगी आदित्यनाथ के संन्यासी बनने के बाद पिता आनंद सिंह बिष्ट भी उन्हें वापस घर लाने की कोशिश में गोरखपुर पहुंचे थे। वह अपनी पत्नी सावित्री देवी के साथ गोरक्षनाथ मंदिर आए। मां ने अपने बेटे को संन्यासी रूप में देखा तो रो पड़ीं। उस समय महंत अवैद्यनाथ मंदिर में मौजूद थे। सावित्री देवी ने उनसे कहा- 'महंत जी, मेरे बेटे को लौटा दीजिए।' इस पर महंत अवैद्यनाथ ने कहा- 'चार बेटे हैं तुम्हारे, एक बेटा हमें दे दो।' मां के लिए यह फैसला आसान नहीं था। वह कभी महंत अवैद्यनाथ को देखतीं, कभी अपने बेटे को। आखिरकार वह पति के साथ वापस लौट गईं। 15 फरवरी 1994 को घोषित हुए उत्तराधिकारी योगी आदित्यनाथ को संन्यासी जीवन में कई कठिन परीक्षाओं से गुजरना पड़ा। वह अपने फैसले पर अडिग रहे। 15 फरवरी 1994 को गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवैद्यनाथ ने विधि-विधान से उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित किया। इसके बाद योगी आदित्यनाथ के जीवन का उद्देश्य बदल गया। उन्होंने अपने जीवन के लक्ष्य को संस्कृत के इस श्लोक के जरिए व्यक्त किया- 'न त्वं कामये राज्यं, न स्वर्ग न पुनर्भवम्। कामये दुःखतप्तानां प्राणिनामर्तिनाशनम्।' इसका भावार्थ है- हे प्रभु, मैं राजपाट, स्वर्ग या मोक्ष की कामना नहीं करता। मेरी कामना केवल इतनी है कि दुख से पीड़ित प्राणियों के कष्ट दूर कर सकूं। 1998 में योगी आदित्यनाथ पहली बार गोरखपुर से सांसद बने। इसके बाद लगातार पांच बार लोकसभा चुनाव जीते। 2017 में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। राजनीति में आने के बाद भी उनका परिवार से संपर्क बना रहा। मां सावित्री देवी से उनकी मुलाकातें होती रहीं। मई 2022 में मुख्यमंत्री बनने के बाद वह करीब पांच साल बाद अपने गांव पहुंचे थे। मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और पूछा था- 'पहचान लिया न मुझे?' जून 2024 में भी वह ऋषिकेश एम्स में भर्ती मां से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद 9 फरवरी 2026 को मां से मिलने गए थे। अब अब मां के निधन के बाद योगी आदित्यनाथ एक बार फिर अपने पैतृक गांव पंचूर जा सकते हैं। इस बार घर की दहलीज पर मां उनका इंतजार नहीं करेंगी। ----------- ये पढ़ें - CM योगी ने स्टूडेंट्स के साथ सेल्फी ली:बोले- रील पर 30 सेकेंड और स्किल पर 3 घंटे दीजिए; 50 हजार विद्यार्थियों को मिले टैबलेट गोरखपुर में CM योगी आज यानी शुक्रवार काे स्टूडेंट्स को टैबलेट बांटे। इस दौरान स्टूडेंट्स से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। चंपा देवी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने के दौरान CM ने मंच से स्टूडेंट्स के साथ सेल्फी ली। CM योगी ने कहा- यह टैबलेट केवल टैबलेट नहीं है। यह केवल रील देखने का माध्यम नहीं है। पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट व स्मार्ट फोन दिया। बाद में युवाओं की ओर से मांग आई कि उन्हें स्मार्ट फोन की जगह टैबलेट मिले। दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट देने जा रहे हैं। लखनऊ के बाद दूसरा कार्यक्रम गोरखपुर में हो रहा है। पढ़िए पूरी खबर...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User