निर्माण श्रमिकों के बच्चों के प्रवेश के लिए आवेदन शुरू:कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 5 जनवरी तक मौका

Nov 20, 2026 - 13:58
0
निर्माण श्रमिकों के बच्चों के प्रवेश के लिए आवेदन शुरू:कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 5 जनवरी तक मौका
बलिया जिले के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने की दिशा में प्रशासन ने कदम बढ़ा दिया है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के तहत कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र छात्र-छात्राएं 20 नवंबर 2026 से 5 जनवरी 2027 तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upbocw.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, ऑफलाइन आवेदन सीधे श्रम विभाग, बलिया के कार्यालय में भी जमा किए जा सकते हैं। तीन साल पुरानी सदस्यता अनिवार्य, अनाथ बच्चों को भी राहत इस योजना का लाभ उन्हीं निर्माण श्रमिकों के बच्चों को दिया जाएगा, जिनके माता-पिता का पंजीकरण 30 अक्टूबर 2026 तक विधिवत अपडेट हो और बोर्ड की सदस्यता लिए हुए कम से कम तीन वर्ष पूरे हो चुके हों। नियमों के तहत एक श्रमिक परिवार के अधिकतम दो बच्चे ही इस प्रवेश प्रक्रिया के लिए पात्र माने जाएंगे। इसके साथ ही, प्रशासन ने संवेदनशील पहल करते हुए कोविड महामारी के दौरान अनाथ हुए उन बच्चों को भी आवेदन का अवसर दिया है, जिनका महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकरण है या जो मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की पात्रता रखते हैं। प्रवेश के लिए तय की गई आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता प्रवेश के लिए कक्षावार आयु और शैक्षणिक मानदंड स्पष्ट कर दिए गए हैं। कक्षा 6 में दाखिले के लिए बच्चे का सत्र 2027-28 में कक्षा 5 में अध्ययनरत होना या कक्षा 5 उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही, बच्चे की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए, जिसमें ये दोनों तिथियां भी शामिल हैं। इसी तरह, कक्षा 9 में प्रवेश के लिए बच्चे का कक्षा 8 में पढ़ना या पास होना अनिवार्य है। इसके लिए जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के मध्य निर्धारित की गई है और इसमें भी दोनों तारीखें मान्य होंगी। आवेदन के साथ संलग्न करने होंगे यह जरूरी दस्तावेज आवेदन पत्र के साथ अभिभावकों को माता या पिता का श्रमिक पहचान पत्र, माता-पिता व बच्चे का आधार कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल और बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा। इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड या कार्य का प्रमाण पत्र देना भी अनिवार्य है। शैक्षणिक दस्तावेजों के रूप में कक्षा 6 के लिए 5वीं और कक्षा 9 के लिए 8वीं की अंकतालिका या अध्ययन प्रमाण पत्र लगाना होगा, जिस पर संबंधित विद्यालय का UDISE कोड और PAN नंबर अंकित होना जरूरी है। फॉर्म के साथ बच्चे की दो पासपोर्ट साइज फोटो भी देनी होगी। प्रवेश परीक्षा व अन्य किसी भी जानकारी के लिए अभिभावक जापलिनगंज स्थित श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय, बलिया में संपर्क कर सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User