देवरिया में दरोगा पर डेढ़ लाख रुपए मांगने पर FIR:विवेचना से नाम हटाने के लिए रिश्वत मांगने पर कार्रवाई
देवरिया के एकौना थाने में तैनात दरोगा अमित कुमार सिंह पर विवेचना से नाम हटाने के बदले डेढ़ लाख रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता का दावा है कि दरोगा ने 20 हजार रुपए अपने भाई के बैंक खाते में मंगाए और बाकी 1.30 लाख रुपए नकद लिए। कोर्ट के आदेश पर दरोगा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मंगलवार को उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया। मारपीट के मामले की कर रहे थे विवेचना मामला हड़हा गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट से जुड़ा है। गांव के अश्विनी सिंह ने कोर्ट में वाद दाखिल कर बताया कि 19 नवंबर 2025 को जयप्रकाश सिंह के परिवार के साथ मारपीट हुई थी। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अश्विनी सिंह का नाम भी एक प्राथमिकी में शामिल था। मामले की विवेचना दरोगा अमित कुमार सिंह कर रहे थे। भाई के खाते में भेजे 20 हजार रुपए अश्विनी सिंह का आरोप है कि विवेचना से नाम हटाने के लिए दरोगा ने डेढ़ लाख रुपये मांगे थे। उन्होंने 26 नवंबर 2025 को मोबाइल से दरोगा के भाई आदित्य सिंह के बैंक खाते में 20 हजार रुपये भेजे। उनका दावा है कि बाकी 1.30 लाख रुपये नकद दिए थे। अश्विनी सिंह के मुताबिक, दरोगा उनसे केवल व्हाट्सएप कॉल पर बात करते थे। आईजीआरएस पर शिकायत के बाद पहुंचे कोर्ट शिकायतकर्ता ने आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत की थी। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट का रुख किया। आरोप है कि बाद में दरोगा ने अपने भाई के खाते में भेजे गए 20 हजार रुपये वापस करा दिए। बाकी रकम मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। सीओ की जांच में दरोगा के भाई के खाते में रुपये भेजे जाने की बात सामने आई। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई। सीओ राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि दरोगा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)