ललितपुर में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म:कुरकुरे खिलाने के बहाने मकान में ले गया था युवक, ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा
ललितपुर में सोमवार शाम चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक बच्ची और उसकी छह साल की बहन को कुरकुरे खिलाने के बहाने अपने साथ सुनसान मकान में ले गया। कुछ देर बाद बड़ी बहन घर पहुंची और मां को घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो बच्ची घायल अवस्था में मिली। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामला बार थाना क्षेत्र का है। बड़ी बहन ने मां को दी जानकारी जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 4:30 बजे दोनों बहनें घर के बाहर खेल रही थीं। इसी दौरान गांव का नितेश उर्फ निक्की उन्हें कुरकुरे खिलाने के बहाने अपने साथ एक सुनसान मकान में ले गया। कुछ देर बाद छह साल की बड़ी बहन घर पहुंची और मां को पूरी बात बताई। मां मौके पर पहुंचीं तो चार साल की बच्ची घायल अवस्था में मिली। आरोपी भी वहीं मौजूद था ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पीटा घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने उसके हाथ-पैर बांधकर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, बच्ची को उपचार के लिए ललितपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष सुधाकर पांडे ने बताया कि बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए ललितपुर भेजा गया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)