100 बच्चों ने विधानसभा देखी, जाना कैसे उठती हैं समस्याएं:लखनऊ, चित्रकूट और श्रावस्ती के बच्चों ने सतीश महाना से भी मुलाकात की

Nov 18, 2026 - 13:45
0
100 बच्चों ने विधानसभा देखी, जाना कैसे उठती हैं समस्याएं:लखनऊ, चित्रकूट और श्रावस्ती के बच्चों ने सतीश महाना से भी मुलाकात की
सदन में गांव और शहर की समस्याएं कैसे उठाई जाती हैं? जनप्रतिनिधि जनता की आवाज सरकार तक कैसे पहुंचाते हैं? इन सवालों के जवाब बच्चों को यूपी विधानसभा के भ्रमण के दौरान मिले। अंतरराष्ट्रीय बाल सप्ताह-2026 के अवसर पर विज्ञान फाउंडेशन की ओर से 16 और 17 नवंबर को दो दिवसीय विधानसभा भ्रमण कराया गया। इसमें लखनऊ, चित्रकूट और श्रावस्ती के 100 चयनित बच्चों ने हिस्सा लिया। भ्रमण के दौरान बच्चों ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की। अध्यक्ष ने बच्चों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके अनुभवों व जिज्ञासाओं के बारे में पूछा। उनसे मुलाकात बच्चों के लिए खास अनुभव रही। डिजिटल और फोटो गैलरी देखी कार्यक्रम की शुरुआत विधानसभा की डिजिटल और फोटो गैलरी के अवलोकन से हुई। यहां बच्चों को विधानसभा के इतिहास, पुराने सत्रों की तस्वीरों, संसदीय परंपराओं और लोकतंत्र के विकास के बारे में बताया गया। इसके बाद बच्चों ने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों के कार्यालय देखे। उन्हें बताया गया कि जनप्रतिनिधि अपने कार्यालयों के माध्यम से जनता की समस्याओं पर काम करते हैं। सदन की कार्यप्रणाली समझी भ्रमण का प्रमुख आकर्षण विधानसभा सदन रहा। बच्चों को सदन की बैठक व्यवस्था, अध्यक्ष के आसन और सदस्यों के बैठने के स्थान के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने पूछा कि नेता सदन में गांव से जुड़े लोगों की समस्याएं कैसे उठाते हैं? उन्हें बताया गया कि जनप्रतिनिधि प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, आधे घंटे की चर्चा और अन्य संसदीय प्रक्रियाओं के जरिए क्षेत्र की समस्याएं उठाते हैं और सरकार का ध्यान आकर्षित करते हैं। लखनऊ की राधिका ने कहा कि सदन के अंदर जाकर महसूस हुआ कि यहीं गांव और शहर की समस्याओं पर चर्चा होती है। चित्रकूट की शीला ने बताया कि अलग-अलग राजनीतिक दलों के कार्यालय एक ही परिसर में देखकर नई जानकारी मिली। श्रावस्ती के पिंकू सोनी ने कहा कि पहली बार इतना बड़ा भवन देखा। डिजिटल और फोटो गैलरी से विधानसभा का इतिहास समझने में मदद मिली। कार्यक्रम के संचालन में विज्ञान फाउंडेशन की वालंटियर टीम के अमर सिंह, धर्मेंद्र पासवान, संजय सिंह, अंकित वर्मा, अरुण शर्मा और महेश कुमार का योगदान रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User