उन्नाव में ईंट-भट्ठे के पास मिला मजदूर का शव:परिजनों ने हत्या की आशंका जताई; भट्ठा मालिक बोले- बीमार था मजदूर
उन्नाव में मंगलवार रात एक 42 वर्षीय मजदूर का शव ईंट-भट्ठे के पास मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बकाया मजदूरी के विवाद में भट्ठा संचालक पर हत्या की आशंका जताई है। वहीं, भट्ठा मालिक ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा- विनोद बीमार थे। पुलिस का कहना है कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना माखी थाना क्षेत्र के बौनामऊ गांव की है। मामले की जांच में पुलिस जुटी है। मृतक की पहचान विनोद सिंह उर्फ बब्बी पिता कल्लू सिंह के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे पोस्टमार्टम हाउस में उनके भाई संजय ने बताया कि विनोद पिछले करीब 14 साल से ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर रहे थे। वह मजदूरी के साथ चौकीदारी और दूसरे काम भी करते थे। मंगलवार को भी वह रोज की तरह काम पर गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। बाद में उनका शव भट्ठे के पास मिला। संजय के मुताबिक, विनोद से लंबे समय तक काम कराया जाता था, लेकिन उन्हें पूरी मजदूरी नहीं दी जाती थी। कई साल से उनके मेहनताने का हिसाब भी नहीं किया गया था। जब भी वह बकाया रुपये मांगते तो कभी 200 तो कभी 500 रुपए देकर उन्हें टाल दिया जाता था। वह बकाया मजदूरी मांगने के लिए भट्ठे पर भी गए थे। बकाया मजदूरी मांगने पर मारपीट का आरोप संजय ने आशंका जताई कि बकाया मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद में विनोद के साथ मारपीट कर उनकी हत्या की गई। उनका कहना है कि घटना के बाद भट्ठा मालिक मौके पर नहीं मिला और वहां काम करने वाले अन्य लोग भी गायब थे। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बीमारी से मौत होने की कही बात विनोद की पत्नी अनीता की बीमारी के चलते पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। वहीं, भट्ठा मालिक मुनेश ने कहा कि विनोद बीमार थे। उन पर लगाए गए हत्या के आरोप निराधार हैं। माखी थानाध्यक्ष योगेश सिंह ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)