बेटा नहीं मिला तो मां को बम मारा:प्रयागराज में 3 बदमाशों ने घर में घुसकर हमला किया, 2 गिरफ्तार
प्रयागराज के करेली में एक युवक को खोजते हुए उसके घर पहुंचे तीन हमलावरों ने उसकी मां पर बम से हमला कर दिया। युवक घर पर नहीं मिला तो हमलावरों ने उसकी मां को निशाना बनाया। बम के छर्रे महिला के चेहरे पर लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद फरार हुए तीन हमलावरों में से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश की जा रही है। घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की है। करेली के हड्डी गोदाम निवासी रहमान काम के सिलसिले में घर से बाहर रहता था। दीपावली से चार-पांच दिन पहले ही वह घर लौटा था। पुलिस को पूछताछ में रहमान ने बताया कि करीब चार-पांच महीने पहले उसका अयान, समीम उर्फ समीर कान्चा समेत कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसके बाद वह बाहर चला गया था। रहमान को खोजते हुए घर पहुंचे थे हमलावर सोमवार रात अयान, समीम उर्फ समीर कान्चा और वारिस रहमान को खोजते हुए उसके घर पहुंच गए। उन्होंने दरवाजा खटखटाया और रहमान के बारे में पूछने लगे। उस वक्त रहमान घर पर नहीं था। उसकी मां 40 वर्षीय शबीना बेगम ने दरवाजा खोला तो तीनों ने उनसे पूछा कि रहमान कहां है। मां ने बताया कि वह कहीं बाहर गया है। आरोप है कि इसके बाद तीनों गालीगलौज करते हुए घर में घुस गए। मां ने विरोध किया तो हमलावरों ने उन पर बम से हमला कर दिया। विस्फोट में बम के छर्रे शबीना बेगम के चेहरे पर लगे और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। घर के दूसरे सदस्यों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटने लगे। इस पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सर्विलांस की मदद से दो आरोपी गिरफ्तार घटना के बाद रहमान की तहरीर पर करेली थाने में अयान, समीम उर्फ समीर कान्चा और वारिस के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सर्विलांस सेल नगर टीम की मदद से बुधवार को मुखबिर की सूचना पर मुर्गा दरबार कछार के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान हड्डी गोदाम निवासी अयान (21) और जेके आशियाना निवासी समीम उर्फ समीर कान्चा (24) के रूप में हुई है। तीसरे आरोपी वारिस की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। दोनों का पहले से आपराधिक इतिहास पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अयान के खिलाफ करेली में दर्ज मौजूदा मुकदमे के अलावा अतरसुइया थाने में 2023 में लूट और चोरी का सामान बरामद होने से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वहीं, समीम उर्फ समीर कान्चा के खिलाफ करेली थाने में वर्ष 2024 में धमकी और मारपीट तथा खुल्दाबाद थाने में चोरी और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम से संबंधित मुकदमा दर्ज है।
करेली एसओ सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि दो बदमाशाों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके एक साथी की तलाश की जा रही है। महिला का इलाज एसआरएन अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)