सीसीएसयू में अनुशासनहीनता पर पांच छात्रों का हॉस्टल आवंटन निरस्त:हॉस्टल की खिड़की पर फेंकी थी ईंटें, दो दिन में कमरे खाली करने के आदेश
मेरठ की चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) के महाराणा प्रताप छात्रावास में अनुशासनहीनता के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। 29 अक्टूबर की रात छात्रावास के कमरा नंबर 25 की खिड़की पर ईंटें फेंकने की घटना में दोषी पाए गए पांच छात्रों का छात्रावास आवंटन निरस्त कर उन्हें निष्कासित कर दिया गया है। इसके साथ ही पांचों की छात्रावास सिक्योरिटी भी जब्त कर ली गई है। सभी को कठोर चेतावनी जारी करते हुए दो दिन के भीतर कमरे खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, घटना के बाद मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई थी। 31 अक्टूबर को हुई बैठक में सीसीटीवी फुटेज, संबंधित छात्रों के स्पष्टीकरण, उपलब्ध अभिलेखों और उनके पूर्ववर्ती आचरण व अनुशासनात्मक रिकॉर्ड की समीक्षा की गई। जांच के बाद समिति ने पांचों छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की सर्वसम्मत संस्तुति की। कुलपति की मंजूरी मिलने के बाद निष्कासन और छात्रावास आवंटन निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए गए। कार्रवाई की जद में आए छात्रों में दक्ष पंवार (सांख्यिकी विभाग), आर्यवर्त मलिक और सुशांत कुमार (भौतिक विज्ञान विभाग), अनुपम खारी (रसायन विज्ञान विभाग) और अंश तोमर (वनस्पति विज्ञान विभाग) शामिल हैं। सभी को दो दिन के भीतर अपने कमरे खाली करके उनकी चाबियां छात्रावास कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय के मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रो. दिनेश कुमार ने बताया कि परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। किसी भी तरह की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में विश्वविद्यालय प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)