बुक रिव्यू- भारतीय समाज में गरीबी की अनकही कहानी:मध्यवर्ग के दोहरे व्यवहार, जाति और राजनीति पर मनु जोसेफ की बेबाक पड़ताल

Nov 19, 2026 - 04:49
0
बुक रिव्यू- भारतीय समाज में गरीबी की अनकही कहानी:मध्यवर्ग के दोहरे व्यवहार, जाति और राजनीति पर मनु जोसेफ की बेबाक पड़ताल
किताब का नाम- आखिर गरीब चुप क्यों रहते हैं (‘वाय द पूअर डोन्ट किल अस’ का हिंदी अनुवाद) लेखक- मनु जोसेफ अनुवाद- नीलम भट्ट प्रकाशक- मंजुल मूल्य- 399 रुपए हमारी जिंदगी की कई सुविधाएं ऐसे लोगों की मेहनत से चलती हैं, जिनकी अपनी जिंदगी में बुनियादी सुविधाओं की कमी है। मसलन, जिस गाड़ी में बैठकर दफ्तर जाते हैं, उसे कोई दूसरा चलाता है। घर तक खाना पहुंचाने वाला डिलीवरी बॉय घंटों धूप और बारिश में सड़क पर रहता है। वे हमारी जरूरतें पूरी करते हैं, लेकिन उनकी जरूरतें कौन पूरी करता है? इतनी असमानता के बावजूद गरीब अमीरों के खिलाफ खड़े क्यों नहीं होते? पत्रकार और लेखक मनु जोसेफ की किताब 'आखिर गरीब चुप क्यों रहते हैं' इसी सवाल से शुरू होती है। यह सिर्फ गरीबी की कहानी नहीं है। इसमें भारतीय समाज की सोच, अमीर-गरीब के रिश्ते और मध्यवर्ग के व्यवहार की पड़ताल है। लेखक रोजमर्रा की घटनाओं और अपने अनुभवों के जरिए ऐसे सवाल उठाते हैं, जिनसे हम अक्सर बचकर निकल जाते हैं। किताब की सबसे असरदार बात किताब की शुरुआत 2001 के भुज भूकंप से होती है। भूकंप में लोगों के घर तबाह हो गए, परिवार उजड़ गए। ऐसे मुश्किल हालात में भी लोगों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों और नुकसान की चिंता करनी पड़ रही थी। लेखक इस घटना के जरिए गरीबों की जिंदगी के संघर्ष को समझने की कोशिश करते हैं। उनके सामने सवाल है कि आखिर गरीब अपनी बदहाली के खिलाफ एकजुट होकर आवाज क्यों नहीं उठाते? क्या लगातार रोजी-रोटी और परिवार की जिम्मेदारियों में उलझे रहने से विरोध करने की ताकत भी कमजोर पड़ जाती है? किताब का दूसरा अध्याय भी इसी सवाल को आगे बढ़ाता है- 'गरीब हमें मार क्यों नहीं डालते'। शीर्षक सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन यही इसकी खासियत है। लेखक अमीरों और गरीबों के बीच मौजूद असमानता को इतने सीधे सवाल के रूप में रखते हैं कि पाठक ठहरकर सोचने लगता है। गरीब ही गरीब का सबसे बुरा दुश्मन आमतौर पर हम मानते हैं कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मुश्किलें एक जैसी होती हैं, इसलिए उनके हित भी एक होंगे। लेकिन लेखक इस धारणा पर सवाल उठाते हैं। जाति, धर्म और सामाजिक पहचान के आधार पर समाज में इतने बंटवारे हैं कि समान परिस्थितियों में रहने वाले लोग भी कई बार एक-दूसरे के साथ खड़े नहीं हो पाते। उनकी प्रतिस्पर्धा अपने जैसे लोगों से ही चलती रहती है। मध्यवर्ग की सुविधाएं और दोहरा व्यवहार इस किताब की एक मजबूत बात भारतीय मध्यवर्ग के व्यवहार पर सवाल उठाना है। लेखक बताते हैं कि मध्यवर्ग गरीबों के अधिकारों और सम्मान की बात तो करता है, लेकिन निजी जिंदगी में कई बार उन्हीं लोगों के साथ बराबरी का व्यवहार नहीं करता। घर में काम करने वाली महिला, ड्राइवर, सुरक्षा गार्ड और सफाईकर्मी हमारी जिंदगी आसान बनाते हैं। लेकिन क्या उन्हें घर के दूसरे सदस्यों जैसी सुविधाएं मिलती हैं? क्या उनके काम के घंटे और छुट्टियों का ध्यान रखा जाता है? सोशल मीडिया पर समानता की बात करना आसान है, लेकिन उसे अपने व्यवहार में उतारना मुश्किल। लेखक इसी विरोधाभास पर व्यंग्य करते हैं। किताब पढ़ते हुए अपने आसपास के कई दृश्य याद आने लगते हैं। हम किसी के काम को तो देखते हैं, लेकिन उसके पीछे की जिंदगी के बारे में सोचने के लिए शायद ही रुकते हैं। शिक्षा, अंग्रेजी और सफलता का सपना भारतीय परिवारों में बच्चों की पढ़ाई से बेहतर भविष्य की उम्मीद जुड़ी होती है। अच्छी डिग्री मिलेगी, नौकरी मिलेगी और परिवार गरीबी से बाहर निकल सकेगा। लेकिन अंग्रेजी जानने और न जानने के बीच भी एक सामाजिक दूरी बनती है। भाषा कई बार अवसर और हैसियत तय करने लगती है। यह हिस्सा सोचने पर मजबूर करता है कि क्या शिक्षा और व्यक्तिगत सफलता से पूरी सामाजिक व्यवस्था बदल सकती है? या कुछ लोगों के आगे बढ़ने के बावजूद बड़ी आबादी के लिए संघर्ष पहले जैसा ही बना रहता है? राजनीति और गरीबों का रिश्ता किताब में राजनीति पर भी कई दिलचस्प सवाल हैं। 'गरीब नेताओं से प्यार क्यों करते हैं' और 'एक अरबपति और राजनीतिज्ञ ने अपरिपक्व भारतीयों से आधार को कैसे बचाया' जैसे अध्याय बताते हैं कि लेखक की नजर सिर्फ आर्थिक असमानता तक सीमित नहीं है। वे गरीबों और नेताओं के बीच के रिश्ते को समझने की कोशिश करते हैं। गरीबों की जरूरतें, उनकी उम्मीदें और उनकी नाराजगी राजनीति में किस तरह जगह पाती हैं? क्या नेता वास्तव में उनकी स्थिति बदलते हैं या उनकी उम्मीदों को बनाए रखते हैं? लेखक के सवाल कई बार चौंकाते हैं। कुछ बातों से असहमति भी हो सकती है, लेकिन यही किताब की खासियत है। यह हर सवाल का आसान जवाब देने के बजाय पाठक को सोचने के लिए छोड़ देती है। ऐसे कई विषय, जिन पर आमतौर पर बात नहीं होती किताब का आखिरी अध्याय अपने शीर्षक से ही एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। क्या आर्थिक असमानता का पूरी तरह समाधान संभव है? क्या समाज में हमेशा किसी न किसी रूप में अमीर और गरीब के बीच अंतर बना रहेगा? इस सवाल से सहमत होना जरूरी नहीं, लेकिन इस पर विचार करना जरूरी है। भाषा और लिखने का ढंग मनु जोसेफ की लेखन शैली सहज और व्यंग्यात्मक है। वे गंभीर सामाजिक मुद्दों को भारी-भरकम भाषा में नहीं समझाते। रोजमर्रा की घटनाओं और अपने अनुभवों के जरिए बात को आगे बढ़ाते हैं। कई जगह उनके सवाल इतने तीखे होते हैं कि पाठक खुद को भी उस चर्चा का हिस्सा महसूस करने लगता है। हिंदी में नीलम भट्ट ने इसका अनुवाद किया है। भाषा सहज और प्रवाहपूर्ण है। अनावश्यक साहित्यिक दिखावा नहीं है, इसलिए सामाजिक और आर्थिक असमानता जैसे विषयों को समझने में परेशानी नहीं होती। कुछ जगह लेखक के तर्क निजी अनुभवों और सामाजिक अवलोकनों पर ज्यादा निर्भर दिखाई देते हैं। गरीबी के आर्थिक कारणों, रोजगार और संसाधनों के असमान वितरण पर और विस्तार की गुंजाइश महसूस होती है। लेकिन किताब का उद्देश्य केवल आंकड़े देना नहीं, बल्कि समाज की सोच पर सवाल उठाना है। यह किताब क्यों पढ़नी चाहिए? इसे इसलिए पढ़ना चाहिए, क्योंकि यह हमारे अपने व्यवहार और समाज को देखने का नजरिया बदलती है। कई बार हम जिन बातों को सामान्य मानकर चलते हैं, उनके पीछे भी असमानता छिपी होती है। किताब इसी पर सोचने का मौका देती है। किसे पढ़नी चाहिए ये किताब? अगर आपको भारतीय समाज की बनावट, गरीबी के कारणों और अमीर-गरीब के बीच की खाई को समझने में रुचि है, तो यह किताब आपके लिए है। ग्राफिक में देखिए किन्हें ये किताब पढ़नी चाहिए- किताब के बारे में मेरी राय यह किताब पढ़ते हुए कई बार ऐसा लगता है कि लेखक हमारे आसपास की उन्हीं चीजों की तरफ इशारा कर रहे हैं, जिन्हें हम रोज देखते हैं, लेकिन उन पर ठहरकर सोचते नहीं। किताब खत्म होने के बाद भी इसका एक सवाल दिमाग में बना रहता है। आखिर जिस मेहनत से हमारी जिंदगी आसान होती है, उसी मेहनत करने वाले की जिंदगी इतनी मुश्किल क्यों है? शायद यही इस किताब की सबसे बड़ी सफलता है। …………………… ग्राफिक- विपुल शर्मा ………………….. यह खबर भी पढ़ें…. बुक रिव्यू- सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता:आगे बढ़ने के लिए 8 जरूरी आदतें, स्वेट मार्डेन की किताब से सीखें सक्सेस के मंत्र सफलता की किताबें अक्सर हमें बड़े सपने देखने, सकारात्मक सोच रखने और खुद पर विश्वास करने की सलाह देती हैं। स्वेट मार्डेन की किताब ‘सफलता के 21 महामंत्र’ भी इसी परंपरा की किताब है। पूरी खबर पढ़ें…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User