दहेज हत्या में पति समेत चार दोषियों को सजा:औरैया में सात-सात साल की कारावास, हर दोषी पर 17 हजार रुपये जुर्माना
औरैया के बिधूना थाना क्षेत्र के करीब पांच साल पुराने दहेज हत्या मामले में अदालत ने पति, सास, ससुर और मौसी को सात-सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। अपर सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय) विनय प्रकाश सिंह ने बुधवार को चारों पर 17-17 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। सजा के बाद उन्हें जिला कारागार इटावा भेज दिया गया।
मामले की पैरवी कर रहे सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अरविंद राजपूत ने बताया कि वादिनी गिरजा देवी ने बिधूना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी बेटी रश्मि की शादी 22 अप्रैल 2021 को दिबियापुर निवासी राज उर्फ राजा, पुत्र सुरेश, से हुई थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया गया था। आरोप था कि ससुराल वाले कम दहेज मिलने का ताना देकर रश्मि को परेशान करते थे।
आरोप के मुताबिक, रश्मि छह माह की गर्भवती थी और बच्चे को जन्म देना चाहती थी। इसी दौरान ससुराल वाले उसे असजना में उसकी नानी के घर ले गए। वहां गर्भ निरोधक दवा खिलाकर गर्भपात कराने की कोशिश की गई। 11 जून 2022 को रश्मि और उसके गर्भस्थ शिशु की मृत्यु हो गई। इसके बाद मायके पक्ष ने पति राज उर्फ राजा, सास उर्मिला, ससुर सुरेश और मौसी गिरजा देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने साक्ष्य पेश किए और दोषियों को सजा देने की मांग की। बचाव पक्ष ने पति की कम उम्र और सास की वृद्धावस्था का हवाला देकर कम सजा देने की अपील की।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने चारों को सात-सात साल के कारावास और 17-17 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)