फर्जी दस्तावेजों के आरोप, शिक्षक की नियुक्ति रोकने की मांग:इंटर कॉलेज के प्रबंधक को रजिस्ट्री भेजी, HC के आदेश की अवहेलना का भी आरोप
सुल्तानपुर की कादीपुर तहसील के मुस्तफाबाद सरैया निवासी नागमणि पांडे ने बलरामपुर के रेहरा बाजार स्थित वीपी शुक्ल इंटर कॉलेज के प्रबंधक और प्रधानाचार्य को शिकायत भेजी है। उन्होंने आरोप लगाया कि रघुनायक प्रसाद द्विवेदी चयन सूची में शामिल होकर कॉलेज में काम संभालने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनके दस्तावेजों पर सवाल हैं। शिकायत के मुताबिक, द्विवेदी ने 2011 में सुल्तानपुर के कादीपुर स्थित श्री रामदेव पांडे इंटर कॉलेज, सरैया मुस्तफाबाद की चयन प्रक्रिया में कथित फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र लगाया था। आरोप है कि इसके आधार पर उन्हें नियुक्ति मिली। वे लंबे समय तक कॉलेज नहीं आए और उपस्थिति रजिस्टर पर उनके हस्ताक्षर भी नहीं थे। बाद में विभागीय मिलीभगत से रिकॉर्ड बदलने की कोशिश की गई। नागमणि पांडे के मुताबिक, यह मामला हाईकोर्ट में चल रहा है। कोर्ट ने संबंधित व्यक्ति को हलफनामे के साथ अपने मूल शैक्षणिक और अनुभव संबंधी रिकॉर्ड पेश करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को रिकॉर्ड की जांच कर रिपोर्ट देने को भी कहा था। शिकायत में आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी द्विवेदी ने अपने प्रमाणपत्रों और अंकपत्रों का वैध सत्यापन नहीं कराया। नागमणि पांडे ने कहा कि सुल्तानपुर में मामला लंबित होने के बावजूद द्विवेदी 2013 की चयन प्रक्रिया के आधार पर बलरामपुर के वीपी शुक्ल इंटर कॉलेज में काम संभालने की तैयारी कर रहे हैं। नागमणि पांडे ने प्रबंधन से द्विवेदी के सभी शैक्षणिक और अनुभव प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जांच पूरी होने और स्थिति साफ होने तक नियुक्ति न देने को कहा है। साथ ही, पूरे मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)