रहीमाबाद में बगीचे में राजमिस्त्री का शव मिला:पेड़ पर लटकी दिखी पैंट, पत्नी बोली- शाम को एक व्यक्ति बुलाकर ले गया था
मलिहाबाद के रहीमाबाद थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत खड़ौहा के मजरा संतनगर में मंगलवार सुबह एक राजमिस्त्री का शव बगीचे में पड़ा मिला। उसकी पैंट ऊपर पेड़ की डाल पर बंधी हुई लटक रही थी। ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान सुभाष (45) पुत्र भीखा के रूप में हुई। पत्नी सुमन ने कहा- शाम को गांव का ही एक व्यक्ति सुभाष को अपने साथ बुलाकर ले गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, किसी ने सुभाष को पेड़ से लटकते या गिरते हुए नहीं देखा। सुबह उसकी डेडबॉडी पड़ी मिली। वह केवल अंडरवियर पहने था। ऐसा लगा कि वह पेड़ से गिरा पड़ा हो। जब ऊपर देखा तो पैंट डाल पर बंधी थी। शाम को घर से गए, सुबह मौत की सूचना मृतक की पत्नी सुमन ने बताया कि गांव का एक व्यक्ति शाम को सुभाष को बुलाने आया था। सुभाष उसके साथ ही गए थे। रातभर नहीं आए और सुबह शव मिलने की जानकारी हुई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सुभाष के परिवार में पत्नी सुमन, बेटा अभिषेक और दो बेटियां अंशिका व प्राची हैं। फिलहाल, सुभाष की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)