गोरखपुर चिड़ियाघर में सर्दी से निपटने की तैयारी शुरू:टाइगर-लायन की बदलेगी डाइट, भालुओं को मिलेगा शहद-गुड़

Nov 10, 2026 - 10:37
0
गोरखपुर चिड़ियाघर में सर्दी से निपटने की तैयारी शुरू:टाइगर-लायन की बदलेगी डाइट, भालुओं को मिलेगा शहद-गुड़
गोरखपुर में मौसम बदलने के साथ ही ठंड का असर बढ़ने लगा है। ऐसे में शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान प्रशासन ने चिड़ियाघर में रहने वाले वन्यजीवों को सर्दी से बचाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इंसानों की तरह वन्यजीवों को भी मौसम के अनुसार विशेष देखभाल की जरूरत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए चिड़ियाघर प्रशासन उनके रहने के स्थान, खानपान और पानी की व्यवस्था में जरूरी बदलाव करेगा। खासकर जब तापमान में अधिक गिरावट आएगी और शीतलहर चलेगी, तब वन्यजीवों को ठंडी हवाओं से बचाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए बाड़ों में पल्लियां, तिरपाल और ग्रीन नेट लगाए जाएंगे, ताकि बाहर की ठंडी हवा सीधे अंदर प्रवेश न कर सके। वहीं, अधिक ठंड पड़ने पर जरूरत के अनुसार हीटर और ब्लोअर भी चलाए जाएंगे। बाड़ों में ठंडी हवा रोकने के लिए लगेंगे तिरपाल- ग्रीन नेट चिड़ियाघर के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि जिस तरह मौसम बदलने पर इंसान अपने रहन-सहन में बदलाव करते हैं, गर्म कपड़े निकालते हैं और हीटर-ब्लोअर का इस्तेमाल करते हैं, उसी तरह चिड़ियाघर में वन्यजीवों की जरूरतों के अनुसार व्यवस्थाएं की जाती हैं। ठंड बढ़ने पर सबसे पहले उनके बाड़ों को सुरक्षित और आरामदायक बनाने पर ध्यान दिया जाता है। बाड़ों में ठंडी हवाओं का प्रवेश रोकने के लिए पल्लियां, तिरपाल और ग्रीन नेट लगाए जाते हैं। जहां तापमान अधिक गिरता है, वहां हीटर और ब्लोअर की व्यवस्था की जाती है। इसका उद्देश्य वन्यजीवों को ठंडी हवाओं और अत्यधिक ठंड के प्रभाव से बचाना है। टाइगर और लायन के भोजन में भी होगा बदलाव सर्दियों में वन्यजीवों के खानपान में भी उनकी जरूरत के अनुसार बदलाव किया जाएगा। खासकर मांसाहारी वन्यजीवों जैसे टाइगर और लायन को दिए जाने वाले भोजन में मांस की मात्रा में आवश्यक परिवर्तन किया जाएगा। डॉ. सिंह के अनुसार, मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए उनके भोजन का प्रबंधन किया जाता है। वहीं, शाकाहारी वन्यजीवों को ठंड के दौरान ऊर्जा देने वाले खाद्य पदार्थ दिए जाएंगे। इसके लिए अलग-अलग जानवरों की जरूरत के हिसाब से उनके भोजन में बदलाव किया जाता है, ताकि ठंड के मौसम में भी उनकी सेहत पर प्रतिकूल असर न पड़े। भालुओं को मिलेगा शहद, गुड़ और चना ठंड के मौसम में भालुओं के खानपान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनके भोजन में शहद, गुड़ और चना शामिल किया जाएगा। इसके अलावा कुछ शाकाहारी वन्यजीवों को शकरकंद, गन्ना और जरूरत पड़ने पर खली भी दी जाएगी। चिड़ियाघर प्रशासन हर वन्यजीव की प्रकृति और जरूरत के अनुसार अलग-अलग खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराएगा। अधिकारियों का कहना है कि सभी जानवरों को एक जैसा भोजन नहीं दिया जाता, बल्कि उनकी शारीरिक जरूरत और मौसम की परिस्थितियों के हिसाब से डाइट तय की जाती है। शीतलहर बढ़ने पर सुरक्षित तरीके से जलाए जाएंगे अलाव जब ठंड और अधिक बढ़ेगी तथा शीतलहर का असर तेज होगा, तब वन्यजीवों को गर्माहट देने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे। जरूरत महसूस होने पर सुरक्षित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके साथ ही जिन बाड़ों में ठंडी हवा पहुंचने की आशंका होगी, उन्हें तिरपाल और अन्य सुरक्षा इंतजामों से ढका जाएगा। हीटर और ब्लोअर का इस्तेमाल भी जरूरत के अनुसार किया जाएगा। हिरणों समेत अन्य वन्यजीवों के रखरखाव में भी मौसम के हिसाब से जरूरी बदलाव किए जाएंगे। पानी के जानवरों के लिए तालाबों में बदलेगा पानी चिड़ियाघर में रहने वाले जलीय वन्यजीवों के लिए भी सर्दियों में विशेष व्यवस्था की जाएगी। दरियाई घोड़े, मगरमच्छ, घड़ियाल और कछुओं के तालाबों में पानी की व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जाएगा। डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि पानी का तापमान कम होने से इन जीवों को असुविधा हो सकती है। ऐसे में तालाबों में एक तरफ से लगातार ताजा पानी डाला जाता है और दूसरी तरफ से पुराना पानी बाहर निकाला जाता है। इस प्रक्रिया से पानी बदलता रहता है और जलीय वन्यजीवों को उनके अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। हर वन्यजीव के लिए अलग होगी व्यवस्था डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि चिड़ियाघर में वन्यजीवों को स्वस्थ रखने के लिए दो मुख्य बातों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। पहला उनके भोजन और दूसरा उनके रखरखाव पर। मौसम में बदलाव के साथ दोनों व्यवस्थाओं में जरूरत के अनुसार परिवर्तन किया जाता है। किसी वन्यजीव को गर्माहट की जरूरत होती है तो उसके बाड़े में अलग इंतजाम किए जाते हैं, जबकि किसी के भोजन में ऊर्जा देने वाली चीजें शामिल की जाती हैं। जलीय जीवों के लिए पानी की व्यवस्था अलग तरीके से की जाती है। चिड़ियाघर प्रशासन का प्रयास है कि तापमान में गिरावट और शीतलहर के दौरान भी सभी वन्यजीव सुरक्षित रहें और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User