मथुरा में यातायात नियम तोड़ने पर 1654 चालान:यातायात माह के तहत पुलिस ने अभियान चलाया, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील की

Nov 08, 2026 - 22:26
0
मथुरा में यातायात नियम तोड़ने पर 1654 चालान:यातायात माह के तहत पुलिस ने अभियान चलाया, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील की
मथुरा में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से मथुरा में नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त स्थानों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 1654 वाहन चालकों के चालान काटे गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक यातायात, उपनिरीक्षक और यातायात पुलिसकर्मियों की टीम ने अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने तथा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। अभियान के दौरान पुलिस ने राहगीरों और वाहन चालकों को पंपलेट वितरित किए। साथ ही यातायात नियमों से संबंधित पुस्तिकाएं देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने लोगों को बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी न केवल वाहन चालक बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है। नशे में वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की ओर से जनसंदेश अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत लोगों को शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। यातायात पुलिस की ओर से एक तरफ जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। रविवार को दैनिक चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1654 वाहन चालकों के चालान किए गए। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User