मथुरा में डीएम-एसएसपी ने किया यमुना घाट का निरीक्षण:भैया दूज पर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली, लापरवाही न बरतने के दिए निर्देश
मथुरा में पावन पर्व यम द्वितीया (भैया दूज) पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांति और सुचारू व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट नजर आया। मंगलवार रात करीब पौने 12 बजे जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से थाना कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख यमुना घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विश्राम घाट, बंगाली घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यम द्वितीया के अवसर पर मथुरा में यमुना स्नान के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के इंतजामों को बारीकी से परखा। साथ ही घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आवागमन के रास्तों की स्थिति भी देखी। दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग मजबूत रखने और पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया। घाटों के आसपास यातायात और पैदल आवागमन को व्यवस्थित रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों से मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि यम द्वितीया के पावन पर्व पर मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)