दिवाली पर आतिशबाजी के साथ लाइसेंसी राइफल से हवाई फायरिंग:दो वीडियो सोशल मीडिया पर हुए वायरल, हर्ष फायरिंग पर कार्रवाई को लेकर उठे सवाल
मेरठ में दिवाली पर आतिशबाजी के बीच शहर में लाइसेंसी हथियारों की नुमाइश भी खूब हुई। प्रतिबंध के बावजूद हर्ष फायरिंग करने से लोग बाज नहीं आए। मेरठ में लाइसेंसी राइफल से हवाई फायरिंग करने का एक मामला सोशल मीडिया पर सामने आया है। एक युवक के फायरिंग करते हुए दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें युवक खुलेआम राइफल से हवाई फायर करता दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए दोनों वीडियो आठ और 10 सेकंड के हैं। दोनों ही वीडियो में युवक लाइसेंसी राइफल से हवाई फायरिंग करता नजर आ रहा है। वीडियो में दिखाई दे रही सोशल मीडिया आईडी पर ठाकुर सूर्यांश तोमर नाम लिखा हुआ है। वीडियो दिवाली के दौरान का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की लोकेशन और समय की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। प्रतिबंध के बावजूद नहीं थम रहा सिलसिला
हर्ष फायरिंग पर कानूनी प्रतिबंध है। इसके बावजूद त्योहारों और शादी समारोहों में लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग की घटनाएं सामने आती रहती हैं। हर्ष फायरिंग में किसी की जान जाने या घायल होने का खतरा भी बना रहता है। इसके बावजूद हथियारों का प्रदर्शन करने और सोशल मीडिया पर वीडियो डालने का सिलसिला जारी है। वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल
इस वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि प्रतिबंध के बावजूद हर्ष फायरिंग करने वालों पर कितनी सख्ती से कार्रवाई हो रही है। लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल नियमों के विरुद्ध होने पर लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई का प्रावधान है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो का पुलिस संज्ञान लेती है या नहीं और युवक की पहचान व हथियार के लाइसेंस की जांच कर कोई कार्रवाई की जाती है। एसपी बोले- वीडियो की जांच कराई जा रही
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले का कहना है की वीडियो की जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है। जांच उपरांत सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया आईडी को भी जांच के लिए दे दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)