दीपावली पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अस्पताल अलर्ट:ट्रॉमा सेंटर में 46 बेड आरक्षित, डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द
प्रयागराज में दीपावली के दौरान पटाखों, आग और दुर्घटनाओं से होने वाली चोटों व झुलसने की घटनाओं के मद्देनजर स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आपात स्थिति में त्वरित इलाज सुनिश्चित करने के लिए ट्रॉमा सेंटर में 46 बेड आरक्षित किए गए हैं, जबकि बर्न यूनिट को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ट्रॉमा व बर्न यूनिट तैयार प्रचार्य डॉ एके वर्मा ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में 46 बेड आरक्षित कर दिए हैं, ताकि सड़क दुर्घटना, पटाखों से चोट या अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को तत्काल भर्ती किया जा सके। बर्न यूनिट में झुलसे मरीजों के इलाज के लिए दवाओं, ड्रेसिंग सामग्री और अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। दीपावली के दौरान आग या पटाखों से झुलसने की संभावना को देखते हुए बर्न वार्ड में 24 घंटे चिकित्सकों की तैनाती रहेगी। जरूरत पड़ने पर आईसीयू, ट्रॉमा, हृदय रोग और बर्न विभाग में वरिष्ठ चिकित्सकों को तुरंत बुलाया जा सकेगा। डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द त्योहार के दिन स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की देरी या व्यवधान न हो, इसके लिए वरिष्ठ चिकित्सकों, जूनियर कंसल्टेंट्स और रेजिडेंट डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द करने का नोटिस जारी किया गया है। सभी डॉक्टरों और आवश्यक स्वास्थ्य कर्मियों के विशेष ड्यूटी रोस्टर तैयार कर दिए गए हैं। इमरजेंसी और ट्रॉमा सेवाएं 24 घंटे निरंतर संचालित रहेंगी। वहीं, दीपावली के दिन ओपीडी सेवाएं आधे दिन, यानी सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक चलेंगी। एसआरएन अस्पताल प्रशासन ने आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए दवाइयों और सर्जरी सामग्री का भंडारण भी किया है। अस्पताल का बर्न वार्ड इस क्षेत्र का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां गंभीर रूप से झुलसे मरीजों का इलाज किया जाता है। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से पटाखों का उपयोग सावधानीपूर्वक करने और किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत निकटतम अस्पताल या इमरजेंसी सेवा से संपर्क करने की अपील की है। दीपावली के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित होने से रोकने के लिए पूरी तैयारी अपनाई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)