दीपावली की परेवा पर दिन में धूप, सुबह-शाम गुलाबी ठंड:शाम ढलने के साथ पारा गिरेगा, फिलहाल दिन गर्म रहेंगे
दीपावली की परेवा पर मंगलवार को मौसम साफ और शुष्क रहेगा। सुबह हल्की ठंडक के साथ दिन की शुरुआत होगी, जबकि दोपहर में तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास होगा। शाम ढलने के साथ तापमान में गिरावट आएगी और हल्की ठंड महसूस होगी। ऐसे में त्योहार के दिन दिन और रात के मौसम में अंतर बना रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। नवंबर में रात का पारा गिरा मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि नवंबर में अब तक रात के तापमान में करीब 5.5 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं लगातार अपनी निरंतरता बनाए रख रही हैं। जब इन हवाओं का प्रभाव लगातार बना रहेगा, तब धीरे-धीरे दिन के तापमान में भी गिरावट शुरू होगी और दिन में भी सर्दी बढ़ने लगेगी। दिन गर्म रहेंगे फिलहाल दिन गर्म रहेंगे, जबकि सुबह और शाम गुलाबी ठंड का एहसास होगा। उन्होंने कहा कि दिन में गर्मी और रात में ठंड का अंतर स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल सकता है। ऐसे में लोगों को सेहत का ध्यान रखने की जरूरत है। किसानों को रबी की बुवाई में तेजी लाने की सलाह मौसम विशेषज्ञ ने किसानों को रबी फसलों की बुवाई जल्द पूरी करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि नवंबर और दिसंबर में भी तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में किसान ऐसी फसल किस्मों का चयन करें, जो अधिक तापमान और हीट स्ट्रेस सहने में सक्षम हों। सोमवार को 30.8 डिग्री रहा अधिकतम तापमान सीएसए की ओर से सोमवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक था। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 94 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह धुंध रही, जबकि दिन में मौसम साफ रहने के साथ तेज धूप ने पारा चढ़ाया। सुबह और शाम सर्द हवाओं ने ठंडक का एहसास कराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)