अफसरों को धमकी मत दो…शिवपाल को क्यों कहना पड़ा:अखिलेश ‘बड़बोले’ नेताओं को बाहर करेंगे; 2022 में ‘लाल टोपी-गुंडागर्दी’ कहकर सत्ता में आई थी भाजपा

Nov 11, 2026 - 03:44
0
अफसरों को धमकी मत दो…शिवपाल को क्यों कहना पड़ा:अखिलेश ‘बड़बोले’ नेताओं को बाहर करेंगे; 2022 में ‘लाल टोपी-गुंडागर्दी’ कहकर सत्ता में आई थी भाजपा
अगर कोई कार्यकर्ता लोगों को ये धमकी देता है कि 'सरकार आने पर देख लेंगे', तो जिलाध्यक्ष उसे तुरंत पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाएं। – शिवपाल यादव, सैफई, 8 नवंबर सख्त नसीहत सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने दी। एक महीने पहले अखिलेश यादव ने आक्रामक बयानों से बचने की चेतावनी दी थी। 2027 के विधानसभा चुनाव से तीन महीने पहले सपा को लग रहा है कि भाजपा जानबूझकर भड़काऊ बयानबाजी करवाकर उन्हें घेर सकती है। पार्टी को बदनाम कर सकती है। सपा को ये डर अचानक नहीं सता रहा। 2022 विधानसभा चुनाव से पहले सपा के खिलाफ भाजपा माहौल बना चुकी है। जब सपा सांसद-विधायकों के बयानों के साथ लाल टोपी-गुंडागर्दी का नरेटिव गढ़ा गया था। नतीजा ये हुआ कि सपा सरकार नहीं बना सकी। भले ही चुनाव में 64 विधानसभा सीटों और लगभग 10% से ज्यादा वोट शेयर का फायदा हुआ था। भाजपा 273 सीटों के साथ सरकार बनाने में कामयाब हुई थी। 2022 में हार के बाद अखिलेश यादव ने पार्टी के M-Y (मुस्लिम-यादव) समीकरण से हटकर 'PDA' मोर्चा बनाया। पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यकों का नया फार्मूला पेश किया। 2024 के लोकसभा चुनाव में गैर-यादव और गैर-मुस्लिम जातियों को ज्यादा प्रतिनिधित्व देकर सपा ने इस फॉर्मूले को साबित भी किया। इस तरह से सपा को कुल 32 सीटों का फायदा हुआ था। अखिलेश और शिवपाल, दोनों जानते हैं कि PDA फॉर्मूला तभी मजबूत रहेगा, जब आम लोगों के बीच पार्टी की छवि 'सभ्य’ और ‘अनुशासित' नजर आएगी। अगर पार्टी की छवि पुरानी 'दबंगई' वाली ही बनी रही, तो दलित और अति-पिछड़ों का भरोसा जीत पाना मुश्किल हो जाएगा। टीवी डिबेट्स की पुरानी क्लिप्स दिखाकर चेतावनी दी अखिलेश भी पिछले कुछ समय से पार्टी के अंदर अनुशासन पर सख्त हैं। अक्टूबर में सपा मुख्यालय पर प्रवक्ताओं की बैठक बुलाई। इसमें भाषा सुधारने को कहा। अखिलेश ने राजकुमार भाटी, अनुराग भदौरिया, अमीक जामेई, मनोज काका और मनोज यादव की पुरानी वीडियो क्लिप्स प्ले करवाकर भी दिखाईं। अखिलेश ने प्रवक्ताओं को उनकी कमियां गिनाईं। साथ ही हिदायत दी कि टीवी डिबेट्स में आक्रामक और अभद्र भाषा से बचें। पूरी तैयारी के साथ जाएं। जिससे पार्टी की विचारधारा और विकास की बातें मजबूती से सामने रखी जा सकें। ये सारी कोशिशें इसलिए हो रही हैं, क्योंकि भाजपा लगातार लोगों को 2017 से पहले का समय याद दिला रही है। आरोप लगा रही है कि सुरक्षा का माहौल भाजपा सरकार में बना। अब अगर भाजपा को बेरोजगारी, महंगाई, किसानों के मुद्दे पर घेरना है, तो पार्टी को अपनी पुरानी छवि तोड़नी होगी। 2022 में सपा नेताओं के वो बयान, जिसने 'बना बनाया खेल' बिगाड़ा विधानसभा चुनाव 2022 की पहले चरण की वोटिंग से पहले मेरठ में सपा नेताओं के आक्रामक बयान सामने आने लगे थे। सिर्फ नेता ही नहीं, सपा प्रवक्ता और कार्यकर्ता भी धमकी भरे अंदाज में भाजपा के प्रत्याशियों को घेर रहे थे। कह रहे थे कि सिर्फ मार्च में चुनाव के नतीजों तक रुक जाओ। हमारी सरकार आने दो, फिर तुम्हें देख लेंगे। भाजपा ने इन बयानों को कानून-व्यवस्था और 'अराजकता की वापसी' से जोड़ा। इसका असर ये हुआ कि जो 'फ्लोटिंग वोटर' सपा के करीब आ रहा था, वह डरकर पीछे हट गया। फ्लोटिंग वोटर से मतलब उन मतदाता से होता है, जो किसी एक राजनीतिक दल या विचारधारा से बंधकर नहीं रहते। ये अपने हिसाब से वोट देते हैं। 2026 में इन नेताओं के बयानों से असहज हुई सपा सनातन पांडे ने मुलायम के गोली चलाने के आदेश को बताया सही 8 नवंबर को सपा के बलिया से सांसद सनातन पांडे ने अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाने के मुलायम सिंह यादव के फैसले का बचाव किया। कहा- तत्कालीन मुख्यमंत्री नेताजी ने भारत के संविधान की रक्षा के लिए गोली चलाने का आदेश दिया था, तो यह बिल्कुल सही कदम था। अगर ऐसा नहीं किया जाता, तो ढांचे या मंदिर को नुकसान पहुंच सकता था। इससे देश में गृहयुद्ध जैसे हालात बन सकते थे। इसलिए संविधान को बचाने के लिए ही गोली चलाने का आदेश दिया गया था। उनका यह बयान सामने आते ही भाजपा ने सपा को घेरना शुरू कर दिया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पलटवार करते हुए कहा कि नाम भले ही 'सनातन' है, लेकिन उनकी सोच पूरी तरह सनातन-विरोधी, राम-विरोधी और हिंदू-विरोधी है। विवाद बढ़ने के बाद अगले ही दिन यानी 9 नवंबर को सनातन पांडे अपने बयान से पलट गए। उन्होंने बलिया में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सफाई दी। कहा- मैंने कभी यह नहीं कहा कि हमने गोली चलवाई थी। मैं तो बस यह कह रहा था कि नेताजी की संविधान में अटूट आस्था थी। शराफत अली ने जिला पंचायत अध्यक्ष पर विवादित टिप्पणी की 30 सितंबर को हरदोई के गोपामऊ कस्बे में सपा की ओर से 'पीडीए सम्मेलन' आयोजित किया गया था। यहां पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शराफत अली ने भाजपा से जुड़ी जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा पर विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा- अगर मुलायम सिंह यादव ने आरक्षण व्यवस्था को मजबूत नहीं किया होता, तो आज प्रेमावती किसी धोबी घाट पर कपड़े धो रही होतीं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा भावुक हो गईं। उन्होंने कहा- मुझे अपनी धोबी जाति पर गर्व है। क्या मैं कपड़े धोने वाली दिखती हूं? मेरे माता-पिता ने मुझे पढ़ाया-लिखाया। मैं शिक्षिका बनी और फिर राजनीति में आई। प्रेमावती वर्मा ने शराफत अली के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर भी दर्ज कराई। राजकुमार भाटी ने ब्राह्मण समाज पर की थी टिप्पणी, बाद में मांगी माफी 5 मई 2026 को दिल्ली में एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के दौरान सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने ब्राह्मण समाज को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने मंच से कहा था- ब्राह्मण भला न वेश्या, इनमें भला न कोय! और कोई-कोई वेश्या तो भली, ब्राह्मण भला न कोय। भाजपा नेताओं ने इस बयान को ब्राह्मण समाज का अपमान बताया। इसके बाद गाजियाबाद के कविनगर थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। विवाद बढ़ने पर राजकुमार भाटी ने बिना शर्त माफी मांग ली थी। जानिए सपा प्रवक्ता क्या कहते हैं- सपा के इस रणनीति को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा कहते हैं- भाजपा हमेशा सपा की छवि बिगाड़ने के मौके तलाशती रहती है। इसलिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने नेताओं को संभलकर बोलने के लिए कहा है। एमएलसी चुनाव में सपा के प्रत्याशी जीत रहे थे, उस समय भी अखिलेश यादव ने सख्ती के साथ निर्देश दिए थे। कहा था कि किसी भी तरह की हुड़दंग या जोश में होश खोने वाली चीजें नहीं करनी है। ------------------------------- यह खबर भी पढ़ें- स्वाति सिंह बोलीं- लखनऊ से 2027 का चुनाव लड़ूंगी, भाजपा से टिकट मांगना हक भाजपा की पूर्व मंत्री स्वाति सिंह 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं। उनकी पहली और आखिरी पसंद लखनऊ की सरोजनीनगर सीट है। उन्होंने 2017 में तीन दशक बाद भाजपा को इसी सीट से जीत दिलाई थी। पढ़िए पूरा इंटरव्यू…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User