12 लाख रुपए लेने के आरोप में 2 दरोगा लाइन-हाजिर:मऊ में व्यापारियों ने SP से की थी शिकायत, जमानत के नाम पर की थी वसूली
मऊ में जुआ खेलने के आरोप में 11 लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पर 12 लाख रुपए लेने और जमानत के नाम पर वसूली करने का आरोप लगा है। व्यापारियों और अन्य लोगों की शिकायत पर SP सर्वेश कुमार मिश्रा ने दो उपनिरीक्षकों को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच CO घोसी को सौंपी गई है। SP से मिले व्यापारी, लगाए गंभीर आरोप मामला घोसी कोतवाली क्षेत्र के नगर इलाके का है। इस कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों, स्कूल प्रबंधकों और संभ्रांत नागरिकों ने SP से शिकायत की थी। शिकायत के मुताबिक, घोसी नगर के मझवारा मोड़ रहने वाले संजय सिंह मंगलवार को अन्य लोगों के साथ SP से मिले और शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि सात नवंबर की रात करीब 10 बजे दिवाली के मौके पर वे घर में सगे-संबंधियों के साथ थे। कुछ लोग एक कमरे में ताश खेल रहे थे, जबकि परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में आराम कर रहे थे। घर में घुसकर अभद्रता का आरोप शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि घोसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक करीब 15 से 20 पुलिसकर्मियों के साथ घर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की और घर में मौजूद लोगों के मोबाइल फोन ले लिए। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई। घर की महिलाओं और बच्चों के साथ भी अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। जमानत के नाम पर वसूली का आरोप शिकायत में कहा गया है कि पुलिसकर्मी व्यापारियों और अन्य लोगों के पास मौजूद करीब 12 लाख रुपए ले गए। सभी को वाहनों में थाने ले जाकर जुआ खेलने के आरोप में केस दर्ज किया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि केस में कुल रकम में से 76 हजार 900 रुपए ही बरामद दिखाए गए, जबकि बाकी रकम का हिसाब नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 11 लोगों से जमानत के नाम पर प्रति व्यक्ति 10 हजार रुपए, यानी कुल एक लाख 10 हजार रुपए लिए गए। बाकी रकम के बारे में पूछने पर पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की। दो उपनिरीक्षक लाइन हाजिर, CO करेंगे जांच शिकायत को गंभीरता से लेते हुए SP सर्वेश कुमार मिश्रा ने कस्बा चौकी प्रभारी शुभम त्रिपाठी और कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक दिनेश कुमार यादव को लाइन हाजिर कर दिया। मामले की जांच CO घोसी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)